विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Uttarakhand Weather: ऊधमसिंह नगर में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी, पहाड़ों पर बौछारें तो मैदानी इलाकों में खिली धूप

Published: Tue, 08 Sep 2026 07:44 AM (IST)

Uttarakhand Weather:उत्तराखंड में पहाड़ों पर बारिश जारी है जबकि मैदानी इलाकों में धूप खिलने लगी है, कुमाऊं में भारी वर्षा ...और पढ़ें

Uttarakhand Weather: सांकेतिक तस्वीर।

Uttarakhand Weather: सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. पहाड़ों में बौछारें जारी, मैदानी इलाकों में धूप खिलने लगी।

  2. पर्वतीय जिलों और ऊधमसिंह नगर में भारी वर्षा का येलो अलर्ट।

  3. देहरादून में दोपहर में बारिश, शाम को आसमान साफ और धूप।

जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अलग-अलग रंग दिखा रहा है। पहाड़ों में बौछारों का दौर जारी है, जबकि निचले इलाकों में वर्षा की रफ्तार धीमी पड़ने लगी है। कुमाऊं के कुछ हिस्सों में जोरदार बारिश दर्ज की जा रही है। मैदानी क्षेत्रों में आंशिक बादलों के बीच धूप खिलने लगी है।

आज प्रदेश के पर्वतीय जिलों व ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, अन्य मैदानी क्षेत्रों में आंशिक बादल मंडराने के आसार हैं।

देहरादून में दोपहर को जोरदार बारिश के बाद शाम को चटख धूप

देहरादून में सुबह से बादल मंडराते रहे, दोपहर में तेज बारिश हुई और शाम को आसमान साफ होने के बाद चटख धूप खिल उठी। कुमाऊं में कहीं-कहीं भारी वर्षा हुई, जबकि गढ़वाल के पर्वतीय क्षेत्रों में बौछार के दौर हुए। इस बीच ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई। अगले कुछ दिनों में पारे में और इजाफा हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिन पहाड़ी क्षेत्रों में बौछारें जारी रहने, जबकि मैदानी इलाकों में हल्की बारिश के आसार हैं।

पर्वतीय जिलों और ऊधमसिंह नगर में आज भारी वर्षा का यलो अलर्ट

मंगलवार को देहरादून, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल, अल्मोड़ा, ऊधमसिंह नगर और चंपावत में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या गर्जन के साथ बौछार होने की संभावना है। शेष जिलों में कुछ स्थानों पर वर्षा के आसार हैं। मौसम विभाग ने पर्वतीय जिलों और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने व वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई है।

यह भी पढ़ें- UP Weather: आज श्रावस्ती-पीलीभीत सहित 18 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, कल से थमेगी वर्षा और बढ़ेगी उमस

कम दबाव क्षेत्र से तीव्र वर्षा के दौर जारी

मध्य उत्तर प्रदेश के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र उसी क्षेत्र में कायम है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। मानसून ट्रफ भी मध्य उत्तर प्रदेश के ऊपर बने इस निम्न दबाव क्षेत्र से होकर गुजर रही है। इसके अलावा कश्मीर के आसपास बना पश्चिमी विक्षोभ और एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से उत्तराखंड में कहीं-कहीं तीव्र वर्षा के दौर हो रहे हैं।

यह भी पढ़ें- Bihar Weather Update: बिहार में बाढ़ के साथ बारिश का सितम जारी, आज 4 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट