Heavy Rainfall Alert: आज 31 अगस्त से फिर सक्रिय होगा मानसून, देर रात भारी बारिश की संभावना, IMD ने जारी किया 5 दिन का अलर्ट
मानसून 31 अगस्त से फिर सक्रिय होगा, IMD ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का 5 दिन ...और पढ़ें

HighLights
31 अगस्त से उत्तर प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय
IMD ने 5 दिन के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया
कई जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका
जागरण संवाददाता, कानपुर। UP Weather: सोमवार को फिर से मानसून सक्रिय होगा। IMD ने 31 अगस्त से उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कानपुर में देर रात तक मौसम परिवर्तन के आसार हैं।
रविवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन वर्षा का इंतजार बना रहा। शाम को कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई, जबकि देर रात कई क्षेत्रों में तेज वर्षा हुई। दिन में जहां वायु सेना स्टेशन पर 32.7 मिमी रिकार्ड हुआ, वहीं सीएसए में 3.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। धूप और अधिक नमी के कारण उमस ने लोगों को बेहाल किया। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से मानसून फिर सक्रिय होगा और अगले पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ तेज बौछार पड़ने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि प्रदेश में कई मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से पर्याप्त नमी पहुंच रही है। वर्तमान में ट्रफ लाइन भी उत्तर प्रदेश से होकर गुजर रही है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। रविवार सुबह से ही घने बादलों की आवाजाही बनी रही। शाम को हल्की बूंदाबांदी हुई और देर रात कुछ इलाकों में तेज वर्षा दर्ज की गई।
92 प्रतिशत तक पहुंची आर्द्रता
रविवार को अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वातावरण में नमी 92 प्रतिशत तक पहुंचने से उमस बनी रही। विशेषज्ञों के अनुसार सोमवार को भी बादलों की आवाजाही के बीच धूप निकलने पर उमस परेशान कर सकती है। हालांकि, गरज-चमक के साथ तेज वर्षा होने के भी आसार हैं।
यहां हो सकती है बहुत भारी बारिश, आरेंज अलर्ट
चित्रकूट, प्रयागराज, सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली एवं आसपास के क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है। इन जिलों में आरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि बांदा, कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में भी भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में वज्रपात की आशंका
मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को मेघगर्जन के साथ वज्रपात की आशंका व्यक्त की है।
सर्वाधिक बारिश वाले जिले
| जिला | बारिश / औसत वर्षा |
|---|---|
| चित्रकूट | 946.5 मिमी / 52% |
| बांदा | 895.3 मिमी / 47% |
| हमीरपुर | 865.2 मिमी / 55% |
| महोबा | 828.4 मिमी / 70% |
नोट: बारिश की मात्रा मिमी में और औसत वर्षा प्रतिशत में है। आंकड़े एक जून से 30 अगस्त तक के हैं। स्रोत: मौसम विभाग।
