Uttarakhand Weather: बर्फ की पहली फुहारों से ढकी बदरीनाथ और हेमकुंड की चोटियां, रुद्रप्रयाग में उफनाई अलकनंदा व मंदाकिनी
उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक बारिश जारी है, जबकि बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब की चोटियों पर बर्फबारी हुई है।
HighLights
उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक बारिश का दौर जारी
बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब की चोटियों पर हुई पहली बर्फबारी
अलकनंदा, मंदाकिनी नदियां चेतावनी स्तर के करीब पहुंचीं
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक बादलों का डेरा है। कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा का दौर जारी है। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के सभी जनपदों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गर्जन के साथ बौछार पड़ने की संभावना जताई है। देहरादून समेत आठ जिलों में भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
चमोली जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी
चमोली में लगातार हो रही बारिश के चलते जहां जनजीवन प्रभावित हुआ है। चमोली जनपद की सीमांत नीति माणा घाटी में भी हल्की ठंड दस्तक देने लगी है। श्री बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब के आसपास की पहाड़ियों सहित चिनाप वैली, सोना शिखर, वैली ऑफ फ्लावर्स, कुंठ खाल, काग भूषण्डी सहित क्षेत्रों में भी हिमपात हुआ है।
रुद्रप्रयाग में बारिश जारी, अलकनंदा और मंदाकिनी चेतावनी स्तर के करीब
रुद्रप्रयाग। जनपद में शनिवार सुबह से बारिश जारी है, जिससे नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह आठ बजे अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां चेतावनी स्तर के बेहद करीब बह रही थीं।
जनपद में पिछले 24 घंटों के दौरान रुद्रप्रयाग तहसील में 8 मिमी, ऊखीमठ में 12.50 मिमी और जखोली में 15 मिमी बारिश दर्ज की गई। जिले का न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच ऊंची चोटियों पर मौसम का पहला हिमपात, कैलास मानसरोवर मार्ग बंद
प्रातः आठ बजे अलकनंदा नदी का जलस्तर 625.90 मीटर दर्ज किया गया, जबकि इसका चेतावनी स्तर 626 मीटर और खतरे का निशान 627 मीटर है। वहीं मंदाकिनी नदी का जलस्तर 624.90 मीटर रहा, जिसका चेतावनी स्तर 625 मीटर तथा खतरे का निशान 626 मीटर निर्धारित है।
गंगानगर में जलस्तर 800.17 मीटर दर्ज किया गया, जबकि चेतावनी स्तर 803 मीटर है। गौरीकुंड में जलस्तर 1973.85 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर 1975.060 मीटर से नीचे है।
बारिश के बीच जिले में एक राज्य राजमार्ग, पांच लोक निर्माण विभाग के मार्ग और सात पीएमजीएसवाई मार्ग बाधित हैं। राज्य राजमार्ग संख्या 56 पर किमी 21 बांसवाड़ा-कणसिल-चंद्रनगर-मोहनखाल मोटर मार्ग अवरुद्ध है। हालांकि राष्ट्रीय राजमार्ग और एनपीसीसी के मार्ग सुचारु बताए गए हैं।
