ऋषिकेश में गंगा में बहते बंदर का रेस्क्यू: राफ्टिंग टीम ने बचाई जान, वीडियो हो रहा है वायरल
ऋषिकेश में गंगा नदी में बहते एक बंदर को राफ्टिंग टीम और पर्यटकों ने मिलकर बचाया। ...और पढ़ें
HighLights
राफ्टिंग टीम ने गंगा में बहते बंदर को बचाया
पर्यटकों की मदद से ब्रह्मपुरी के पास रेस्क्यू
मानवीय कार्य का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। गंगा में बहते एक बंदर को बचाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मानवता का परिचय देते हुए राफ्टिंग टीम और पर्यटकों ने मिलकर बंदर की जान बचाई।
गाइड की सूझबूझ काम आई
जानकारी के अनुसार, भागीरथी गंगा एडवेंजर कंपनी की टीम पर्यटकों को राफ्टिंग के लिए लेकर जा रही थी।
इसी दौरान गाइड की नजर गंगा में बह रहे एक बंदर पर पड़ी। स्थिति को देखते हुए टीम ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया और पर्यटकों की मदद से बंदर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

गंगा में बहते बंदर को निकाला
टीम ने ब्रह्मपुरी के समीप बंदर को नदी से बाहर निकालकर उसकी जान बचाई। कंपनी से जुड़े अनुभव पयाल ने बताया कि सोमवार शाम गाइड और पर्यटकों ने बंदर को बहते हुए देखा, जिसके बाद बिना देर किए उसे बचाने का प्रयास किया गया।

राफ्टिंग टीम का सराहनीय प्रयास
गंगा नदी राफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेंद्र नेगी ने बताया कि निरीह जीव को बचाने के लिए टीम ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि बंदर नदी में कैसे गिरा, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है।

वीडियो हो रहा है वायरल
बंदर को बचाने वाले गाइड का नाम युधिष्ठर बताया गया है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें टीम की सतर्कता और मानवता की सराहना की जा रही है।
