Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तराखंड: नैनीताल और बागेश्वर के लिए भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट', प्रशासन अलर्ट पर

    Updated: Sun, 05 Jul 2026 06:30 AM (IST)

    कुमाऊं में भारी बारिश से पिथौरागढ़ और नैनीताल में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, जबकि गढ़वाल में मानसून धीमा है। ...और पढ़ें

    सांकेतिक तस्वीर।

    सांकेतिक तस्वीर।

    HighLights

    1. कुमाऊं में भारी बारिश से पिथौरागढ़, नैनीताल में जनजीवन प्रभावित।

    2. धारचूला में भूस्खलन से चीन सीमा सड़क संपर्क पूरी तरह टूटा।

    3. नैनीताल और बागेश्वर के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट।

    जागरण संवाददाता, देहरादून। मानसून की रफ्तार भले ही गढ़वाल मंडल में कुछ धीमी पड़ गई हो, लेकिन कुमाऊं में बारिश आफत बनकर बरस रही है। पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र में भारी वर्षा से आपदा जैसे हालात पैदा हो गए हैं।

    भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग और सीमा सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे चीन सीमा से संपर्क टूट गया है।

    वहीं, नैनीताल में मूसलाधार बारिश से सड़कें जलमग्न हो गईं और वीकेंड पर पहुंचे पर्यटकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

    कुमाऊं के पिथौरागढ़ जिले के धारचूला क्षेत्र में शनिवार रात 82 मिमी वर्षा दर्ज की गई। भारी बारिश के चलते टनकपुर-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर चट्टान खिसकने से यातायात ठप हो गया।

    आदि कैलास मार्ग पर मलघाट के पास लगातार पहाड़ से पत्थर गिर रहे हैं, जिससे मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित है। तवाघाट-लिपूलेख (कैलास मानसरोवर यात्रा) मार्ग और तवाघाट-सोबला-तिदांग सड़क भी पांच स्थानों पर मलबा आने से बंद हो गई है।

    इससे चीन सीमा का सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया है और पांच दर्जन से अधिक सीमांत गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। भारी बारिश के कारण धारचूला में घटखोला-सीनियाखोला पैदल पुल बह गया। इससे सीनियाखोला के सात परिवार पूरी रात दहशत में रहे।

    राष्ट्रीय राजमार्ग और सीमा मार्ग बंद होने से आदि कैलास यात्रा पर निकले श्रद्धालु भी विभिन्न स्थानों पर फंस गए हैं।

    इधर, देहरादून में दिनभर धूप और बादलों की आंख-मिचौनी रही और उमस ने बेहाल किया। इस बीच ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान भी दो से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रिकार्ड किया गया।

    दो जिलों में भारी वर्षा का आरेंज अलर्ट

    मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

    नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए भारी बारिश का आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा देहरादून, टिहरी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चंपावत और पिथौरागढ़ में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।

    पर्वतीय जिलों में आकाशीय बिजली चमकने और तेज से अत्यंत तेज बारिश के दौर की चेतावनी है। उधर, राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी संबंधित जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर विशेष सावधानी बरतने को कहा है।

    विभिन्न शहरों का तापमान

    • शहर, अधिकतम, न्यूनतम
    • देहरादून, 33.6, 24.8
    • पंतनगर, 37.0, 27.6
    • मुक्तेश्वर, 25.2, 16.6
    • नई टिहरी, 26.8, 17.6

    यह भी पढ़ें- उत्तराखंड मौसम अपडेट: पौड़ी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर समेत कई जिलों में भारी बारिश का 'यलो अलर्ट'

    यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather Alert: अगले 24 घंटे दो जिलों मेंभारी बारिश की चेतावनी, नदी-नालों से दूर रहने की सलाह

    खबरें और भी