पहाड़ी इलाकों में अब नहीं होगी मोबाइल नेटवर्क की समस्या, BSNL ने लॉन्च की ग्लोबल सैटेलाइट फोन सेवा
बीएसएनएल ने स्वतंत्रता दिवस पर नए मोबाइल और ब्रॉडबैंड प्लान लॉन्च किए हैं, साथ ही उत्तराखंड के दूरस्थ व ग्रामीण इलाकों में 4जी नेटवर्क विस्तार की घोषणा की।

यह तस्वीर AI जेनरेटेड है
HighLights
बीएसएनएल ने स्वतंत्रता दिवस पर नए मोबाइल-ब्रॉडबैंड प्लान लॉन्च किए।
उत्तराखंड के 2,600 गांवों में 4जी नेटवर्क पहुंचाया गया।
भारतनेट परियोजना से ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी मजबूत।
जागरण संवाददाता, देहरादून। बीएसएनएल ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने ग्राहकों के लिए नए मोबाइल और ब्रॉडबैंड प्लान लॉन्च किए है। इसके साथ ही अब प्रदेश के दूरस्थ व ग्रामीण इलाकों में बीएसएनएल नेटवर्क पहुंचाने की तैयारी कर रहा है।पर्वतीय और सीमावर्ती इलाकों में डिजिटल कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए भी बीएसएनएल ने कदम उठाए है।
शुक्रवार को पटेलनगर स्थित कार्यालय में मुख्य महाप्रबंधक मनमोहन सिंह ने प्रेसवार्ता करते हुए बताया कि स्वदेशी 4जी तकनीक के विस्तार और दूरस्थ क्षेत्रों तक नेटवर्क पहुंचाने की योजनाओं पर काम चल रहा है। अब तक लगभग 500 टावरों के माध्यम से प्रदेश के 2,600 गांवों को बीएसएनएल 4जी नेटवर्क से जोड़ा जा चुका है।
इसके अलावा 85 नए टावरों के निर्माण का काम चल रहा है। इससे 200 गांवों में नेटवर्क पहुंचेगा। 4जी सेवाओं के विस्तार के साथ-साथ हाईस्पीड उपकरणों की स्थापना और नेटवर्क अपग्रेडेशन का कार्य किया गया है। इतना ही नहीं निगम निजी कंपनियों की तुलना में सस्ती व गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि ग्राहकों के लिए खास ऑफर के तहत 2399 वाले वार्षिक प्लान की वैधता बढ़कर 412 दिन कर दी गई है। इसके अलावा 499 के फाइबर बेसिक प्लान पर छूट के बाद ग्राहकों को 399 प्रतिमाह में हाई-स्पीड इंटरनेट मिलेगा।
उन्होंने बताया कि भारतनेट परियोजना के तहत फेज-1 का काम पूरा हो चुका है। इससे 10 जिलों की 1,819 ग्राम पंचायतों और 30 ब्लॉक मुख्यालयों को कनेक्टिविटी दी गई है। संशोधित भारतनेट कार्यक्रम के तहत लगभग 8,300 किलोमीटर ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाई जा चुकी है और 1,659 ग्राम पंचायतों को नेटवर्क से जोड़ा गया है।
इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए बीएसएनएल ने भारतनेट उद्यमी अभियान भी शुरु किया है। दूरदराज और नेटवर्क-विहीन क्षेत्रों में संचार सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बीएसएनएल ने ग्लोबल सैटेलाइट फोन सेवा भी शुरू की है।

