देहरादून डीसीबी प्रबंध कमेटी में भाजपा का परचम, मनजीत रावत बने निर्विरोध चेयरमैन
देहरादून जिला सहकारी बैंक प्रबंध कमेटी चुनावों में भाजपा ने एकतरफा जीत हासिल की, जहां मनजीत सिंह रावत निर्विरोध चेयरमैन और भीम सिंह वाइस चेयरमैन बने।
-1788878376451_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। जिला सहकारी बैंक(डीसीबी) प्रबंध कमेटी चुनावों में भाजपा ने एक तरफा विजय हासिल कर अपना दबदबा कायम कर दिया है। प्रबंध कमेटी बोर्ड के चेयरमैन, वाइस-चेयरमैन पदों पर भाजपा ने निर्विरोध जीत दर्ज की।
भाजपा की एक तरफा जीत से राजनीतिक पंडितों के समीकरण भी गड़बड़ा गए हैं। कांग्रेस समर्थित डायरेक्टर की ओर से नामांकन दाखिल करना तो छोड़िए बैंक परिसर में कोई बड़ा पदाधिकारी व कार्यकर्ता तक दिखाई नहीं दिया।
मंगलवार को जिला सहकारी बैंक के प्रबंध कमेटी चुनावों में चेयरमैन व वाइस-चेयरमैन पदों पर नामांकन दाखिल किए गए। सुबह 9 बजे से 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए गए।
भाजपा समर्थित मनजीत सिंह रावत ने चेयरमैन और भीम सिंह ने वाइस चेयरमैन पद पर अपने नामांकन-पत्र दाखिल किए। निर्धारित समय तक किसी अन्य व्यक्ति की ओर से कोई नामांकन दाखिल नहीं किया।
ऐसे में मतदान कराने की नौबत ही खत्म हो गई। वहीं, निर्वाचन अधिकारी विजय थपलियाल ने सभी औपचारिकताओं को पूर्ण करने के बाद मनजीत सिंह रावत को चेयरमैन व भीम सिंह को वाइस चेयरमैन पद पर विजय घोषित कर दिया।
उधर, चुनाव को देखते हुए बैंक परिसर के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ लगी रही। चुनाव में विजय की घोषणा होते ही भाजपा समर्थकों ने मिठाई बांटकर और ढोल पर डांस कर खूब जश्न मनाया। समर्थकों की नारेबाजी से पूरा बैंक परिसर गूंज उठा।
डीसीबी का नया प्रबंध कमेटी बोर्ड
नये बोर्ड में मनजीत सिंह रावत चेयरमैन, भीम सिंह वाइस-चेयरमैन के अलावा डायरेक्टर पंकज सिंह डोगरा, सुनीता , पूजा गौड़ , गितीका कुकरेती, राजीव चौहान, सुप्रिया , खुशहाल सिंह , विपिन चौहान , विनोद कुमार, सूरत सिंह चौहान , बिरेश सिंह शामिल हैं।
अन्य संस्थाओं को भेजे जाने वाले प्रतिनिधि पदों पर भी भाजपा का कब्जा
प्रबंध कमेटी चुनाव के साथ ही भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि पदों पर भी एक तरफा जीत दर्ज की है। उत्तराखंड प्रादेशिक यूनियन लिमिटेड में देहरादून से धर्मेंद्र सिंह, अनिल कुमार व उत्तराखंड राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड में राजीव चौहान, सुनीता, गितीका कुकरेती, किरतपाल सिंह रावत ने निर्विराध जीत हासिल की है।
12 बनाम 1 से साधा भाजपा ने निशाना
सोमवार को पांच डायरेक्टर पदों पर मतदान व परिणामों के बाद दोनों दलों के समीकरण उलझ गए थे। 7-8 निर्विराध डायरेक्टरों में भाजपा और निर्वाचित डायरेक्टरों में कांग्रेस की स्थिति मजबूत होने के दावे किए जा रहे थे।
लेकिन, भाजपा की सधी रणनीति और चुनावी फील्डिंग ने सभी समीकरणों को ध्वस्त करते हुए प्रबंध कमेटी चुनावों को 12 बनाम 1 के समीकरण साध विजयश्री हासिल कर ली।
यह भी पढ़ें- देहरादून में भाजपा का कांग्रेस के खिलाफ 'सामाजिक सौहार्द संकल्प' धरना शुरू
