चंपावत में गुलदार का आतंक: पांच दिनों में पांच पालतू जानवर मारे, ग्रामीणों ने की पकड़ने की मांग
चंपावत के डोबाभागू क्षेत्र में गुलदार की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत है, जिसने पांच दिनों में पांच पालतू जानवरों को अपना निवाला बनाया है।
-1788868169666_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, चंपावत। बाराकोट ब्लाक के डोबाभागू क्षेत्र में गुलदार की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बीते पांच दिनों में गुलदार पांच पालतू जानवरों को अपना निवाला बना चुका है।
लगातार बढ़ रही गुलदार की सक्रियता से ग्रामीणों में भय बना हुआ है। ग्रामीण जगदीश चंद्र तिवारी ने बताया कि गुलदार ने पांच दिनों के भीतर कमलापति तिवारी और कमल राम की तीन बकरियों समेत अन्य ग्रामीणों के पालतू कुत्तों को मार डाला है।
दो दिन पूर्व सेरी कनियाना गांव निवासी मिथुन लोहाघाट से अपने गांव लौट रहे थे। डोबाभागू के पास उन्हें पैरापिट पर गुलदार बैठा दिखाई दिया। गुलदार को सड़क किनारे देखकर वह सहम गए।
इसके बाद से क्षेत्र में दहशत और बढ़ गई।ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्र में पिंजरा लगाकर गुलदार को शीघ्र पकड़ने और ग्रामीणों को उसके आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
रेंजर रमेश चंद्र पांडेय ने बताया कि वन विभाग की टीम ने मौके का मुआयना किया है। उन्होंने ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने और रात के समय अकेले आवाजाही से बचने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- चंपावत में घाट-पनार मार्ग पर कार पर गिरा विशाल बोल्डर एक की मौत चार घायल
