बागेश्वर में गुलदार के हमले में महिला की मौत, परिवार को मिलेगा 10 लाख का मुआवजा
बागेश्वर के बांजीरौट गांव में गुलदार के हमले में कमला देवी की मौत की पुष्टि हुई है। वन विभाग ने पीड़ित परिवार को मानकानुसार दस लाख रुपये का मुआवजा देन ...और पढ़ें

HighLights
कमला देवी की मौत गुलदार के हमले में हुई पुष्टि।
पीड़ित परिवार को मिलेगा दस लाख रुपये का मुआवजा।
घटना बागेश्वर के बांजीरौट गांव में हुई थी।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर। कांडा तहसील के बांजीरौट गांव की निवासी कमला देवी की मौत गुलदार के हमले में हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट आफ इंडिया (डब्ल्यूआइआइ) की जांच रिपोर्ट में वन्यजीव संघर्ष में उनकी मौत की पुष्टि हुई है।
रिपोर्ट के आधार पर वन विभाग ने पीड़ित परिवार को मानकानुसार दस लाख रुपये का मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गांव और जंगल में गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजड़ा और ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं, लेकिन अभी तक गुलदार की मौजूदगी कैमरों में नहीं आई है।
चार अगस्त को बांजीरौट निवासी 48 वर्षीय कमला देवी, जो कि पूरन राम की पत्नी थीं, गांव की बारी व्यवस्था के तहत लगभग 19 परिवारों के 50 से अधिक मवेशियों को चराने जंगल गई थीं। उनके साथ उनके पति पूरन राम और बकरियां चरा रहे पंकज राम भी मौजूद थे। ग्रामीणों के अनुसार, उस समय क्षेत्र में तेज बारिश और घना कोहरा था।
इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने कमला देवी पर हमला कर दिया। महिला की चीख सुनकर उनके पति और पंकज राम मौके पर दौड़े। दोनों को देखकर गुलदार जंगल की ओर भाग गया, लेकिन तब तक कमला देवी गंभीर रूप से घायल हो चुकी थीं। उनके गाल और सिर पर गहरे जख्म थे, और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
खबरें और भी
घटना के बाद पुलिस और वन विभाग ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया। वन विभाग ने जांच के लिए महिला के ब्लड सैंपल डब्ल्यूआइआइ को भेजे थे।
अब एक सप्ताह बाद पोस्टमार्टम और डब्ल्यूआइआइ की जांच रिपोर्ट विभाग को प्राप्त हो गई है, जिसमें कमला देवी की मौत को वन्यजीव संघर्ष से जोड़ा गया है। इसके बाद विभाग ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इधर, प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न ने बताया कि पोस्टमार्टम और डब्ल्यूआइआइ की रिपोर्ट में कमला देवी की मौत वन्यजीव संघर्ष में होने की पुष्टि हुई है। पीड़ित परिवार को जल्द ही मानकानुसार दस लाख रुपये की मुआवजा राशि का चेक दिया जाएगा।