सर्किल रेट से 10 गुना मुआवजा मिले तो बात बनें, किसानों की मांग-जमीन के सर्किल रेट बढ़ाए जाएं
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की मासिक बैठक में किसानों ने हाईवे के लिए अधिग्रहित भूमि का सर्किल रेट से 10 गुना मुआवजा मांगा। ...और पढ़ें

स्योहारा के गांव बुढेरन में नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते भाकियू कार्यकर्ता। जागरण
HighLights
किसानों ने हाईवे भूमि के लिए 10 गुना मुआवजा मांगा।
सर्किल रेट बढ़ाने और सर्विस रोड बनाने की मांग उठी।
गुलदार समस्या समाधान व सड़क मरम्मत की अपील।
संवाद सूत्र, स्योहारा (बिजनौर)। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की मासिक बैठक रविवार को गांव मलकपुर बुढेरन में हुई। इस दौरान किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। तहसील क्षेत्र अध्यक्ष ने कहा कि जिन किसानों की जमीन हाईवे में आ रही हैं, उन्हें सर्किल रेट से दस गुना मुआवजा दिया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने 10 अगस्त को थाने होने वाली पंचायत को भी स्थगित करने की घोषणा भी की। वहीं मांगों से संबंधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा।
रविवार को हुई बैठक में तहसील अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह टिकैत ने बताया थाने से जुड़ी समस्याओं पर थानाध्यक्ष से वार्ता में किसान अपने खेत से अपने कार्य के लिए मिट्टी ला सकते हैं। उन्होंने मांग की कि किसानों की जमीन के सर्किल रेट बढ़ाए जाएं। जिन किसानों की जमीन हाईवे में जाएगी, उन सभी किसानों को सर्किल रेट का 10 गुना पैसा मिलना चाहिए। साथ ही हाईवे के दोनों और सर्विस रोड और गांव के हिसाब से जगह-जगह अंडर पास बनाए जाएं।
क्षेत्र में गुलदार की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। इसके लिए प्रशासन को ठोस कदम उठाना चाहिए। इसके अलावा मलकपुर-बुढेरन तक सड़क में काफी गहरे गड्ढे हैं, जिसे शुगर मिल चालू होने से पहले बनवाने की मांग की गई। बाद में जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन नायब तहसीलदार राजकुमार को सौंपा। इस अवसर पर गजराम सिंह, मलखान गुर्जर, भूपेंद्र सिंह, राजीव त्यागी, अमित कुमार, विरेन्द्र प्रधान, सुखवीर सिंह आदि मौजूद रहे।