बागेश्वर में भूस्खलन का कहर: मंडलसेरा कॉलेज मार्ग और एनएच रवायखाल बंद
बागेश्वर के मंडलसेरा में भूस्खलन से राजकीय इंटर कॉलेज का रास्ता बंद हो गया है, जिससे छात्रों की सुरक्षा पर ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बागेश्वर। बारिश थमने के बाद भी भूधंसाव और भूस्खलन का खतरा कम नहीं हुआ है। मंडलसेरा में राजकीय इंटर कालेज जाने वाले मार्ग पर भूस्खलन होने से रास्ता क्षतिग्रस्त होकर बंद हो गया है।
भूस्खलन विद्यालय के गेट तक पहुंच गया है, जिससे गेट के साथ ही विद्यार्थियों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा रहा है। रास्ता पूरी तरह तबाह होने के कारण स्कूली बच्चे जान जोखिम में डालकर विद्यालय पहुंचने को मजबूर हैं।
स्थानीय निवासी मुकुल भाकुनी ने बताया कि भूस्खलन विद्यालय के गेट तक पहुंच चुका है। इससे गेट को भी खतरा बना हुआ है। विद्यालय जाने वाला मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इस रास्ते से प्रतिदिन करीब 20 बच्चे विद्यालय आते-जाते हैं।
ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने जिला आपदा प्रबंधन विभाग से मौके का तत्काल निरीक्षण कर सुरक्षा दीवार निर्माण समेत आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
सभासद कैलाश आर्य ने कहा कि प्रशासन को राइंका मंडलसेरा की स्थिति का संज्ञान लेते हुए विद्यालय के जर्जर भवनों की मरम्मत के लिए भी आवश्यक कदम उठाने चाहिए। उन्होंने बताया कि विद्यालय के भवन पहले से ही जीर्ण-शीर्ण हालत में हैं और बारिश के दौरान कई जगह से छतें टपकती हैं।
भूधंसाव ने विद्यार्थियों और विद्यालय की सुरक्षा संबंधी चिंता को और बढ़ा दिया है। उन्होंने प्रशासन से विद्यालय परिसर और पहुंच मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर तत्काल सुरक्षा उपाय करने की मांग की।
उप जिलाधिकारी सदर प्रियांका रानी ने कहा कि मंडलसेरा में भूस्खलन वाले क्षेत्र का निरीक्षण कराया जाएगा। निरीक्षण के बाद स्थिति का आकलन कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
रातभर की बारिश से एनएच गड़उड़-बागेश्वर बंद
रात हुई भारी बारिश के बाद एनएच गरुड़-बागेश्वर रवाईखाल के समीप पहाड़ गिरने से बंद हो गया है। रात करीब 12 बजे से यातायात पूरी तरह ठप है। सुबह तक सड़क नहीं खुलने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है।
हल्द्वानी से जिला मुख्यालय बागेश्वर आने वाले अखबार, दूध, सब्जी और अन्य जरूरी सामग्री के वाहन भी रास्ते में फंस गए हैं। इससे जिला मुख्यालय में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित होने लगी है और लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
सुबह स्कूल जाने वाले बच्चे, शिक्षक और कर्मचारी भी मार्ग बंद होने के कारण फंसे हुए हैं। कई यात्रियों को सड़क खुलने का इंतजार करना पड़ रहा है। मार्ग खोलने के लिए बीआरओ ने एक लोडर मशीन मौके पर लगाई है, लेकिन पहाड़ लगातार दरकने के कारण मलबा हटाने में परेशानी हो रही है।
लगातार गिर रहे पत्थरों और मलबे के चलते सड़क खोलने का काम प्रभावित हो रहा है। स्थिति गंभीर बनी हुई है। प्रशासन और बीआरओ की टीम मार्ग खोलने में जुटी है, लेकिन पहाड़ के लगातार दरकने से यातायात बहाल होने में समय लग सकता है।
