सैर-सपाटा को निकले टूरिस्ट, पेड़ों के बीच दिखा बाघ; अल्मोड़ा की बिनसर सेंचुरी में पर्यटकों में डर
अल्मोड़ा की बिनसर सेंचुरी में एक पर्यटक ड्राइवर ने जंगल में बाघ को देखा और उसका वीडियो बनाया, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों में दहशत बढ़ गई है। वन व ...और पढ़ें

फाइल फोटो।
HighLights
अल्मोड़ा की बिनसर सेंचुरी में बाघ देखा गया
पर्यटक ड्राइवर ने बाघ का वीडियो बनाया, दहशत फैली
वन विभाग से निगरानी और गश्त बढ़ाने की मांग
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा। धौलछीना के एक रिसॉर्ट में ठहरे पर्यटक रविवार को जब बिनसर सेंचुरी में सैर-सपाटे के लिए निकले तो ड्राइवर को जीरो पॉइंट के पास जंगल में बाघ दिखाई दिया। चालक ने बाघ की मौजूदगी को अपने मोबाइल फोन के कैमरे में कैद कर लिया। बिनसर क्षेत्र में बाघ के दिखाई देने का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और पर्यटकों में भय का माहौल और बढ़ गया है।
पर्यटक ने मोबाइल में कैद किया नजारा
बिनसर क्षेत्र में एक वाहन चालक पर्यटकों को लेकर पहुंचा था। जीरो पॉइंट के पास जंगल के बीच वाहन आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान एक मोड़ के पास बांज समेत अन्य पेड़ों के बीच चालक की नजर बाघ पर पड़ी। अचानक सामने बाघ को देखकर चालक ने वाहन रोककर मोबाइल से उसका वीडियो बना लिया। बाघ कुछ देर तक जंगल में एक स्थान पर बैठा रहा। इसके बाद वह धीरे-धीरे घने जंगल की ओर चला गया।
स्थानीय ग्रामीणों और पर्यटकों की चिंता बढ़ी
बिनसर सेंचुरी क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी से वन्यजीव प्रेमियों में जहां उत्सुकता है, वहीं स्थानीय ग्रामीणों और पर्यटकों की चिंता भी बढ़ गई है। क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए लोगों ने वन विभाग से संवेदनशील स्थानों पर निगरानी और गश्त बढ़ाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- गंगा घाट पर कांवड़ियों का 'महाकुंभ', बोल बम के जयकारों से गूंजी धर्मनगरी; हरिद्वार से अद्भुत PHOTOS
वन विभाग ने पर्यटकों से सावधानी बरतने की अपील की
ग्रामीणों का कहना है कि बाघ की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जानी चाहिए, ताकि जंगल से लगे क्षेत्रों में किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। वन विभाग ने पर्यटकों को भी सावधानी बरतने और जंगल क्षेत्र में निर्धारित मार्गों से ही आवाजाही करने के लिए जागरूक करने की मांग की गई है।