विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अल्मोड़ा के स्याल्दे में सड़क बनी बत्तखों का स्वीमिंग पूल, गड्ढों में जलभराव से लोग बेहाल

Published: Fri, 04 Sep 2026 01:07 PM (IST)

अल्मोड़ा के स्याल्दे में मुख्य बाजार से गुजरने वाली चचरोटी-देघाट रोड गड्ढों और जलभराव से बदहाल है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है।

HighLights

  1. स्याल्दे की चचरोटी-देघाट रोड गड्ढों से बदहाल

  2. बारिश में गड्ढों में भरा पानी, बत्तखें तैरती दिखीं

  3. स्थानीय लोग परेशान, विभाग ने बजट का अभाव बताया

जागरण संवाददाता, स्याल्दे। मुख्य बाजार से होकर गुजरने वाली गड्ढों से बदहाल चचरोटी स्याल्दे देघाट रोड झमाझम वर्षा से राहगीरों को तो फजीहत झेलनी पड़ी। मगर लबालब भरे गड्ढों में बत्तखें तैरती और मस्ती करतीं रहीं।

जनता के लिए जो सड़क असुविधा और डर की वजह बनी हुई है, वह बत्तखों के लिए एक बेहतरीन स्वीमिंग पूल बन गई। यह नजारा देख व्यवस्था से नाराज लोग भी मुस्करा दिए।

मुख्य बाजार में देघाट रोड पर स्थित जिला सहकारी बैंक में रोजाना बड़ी संख्या में लोग लेनदेन को आते हैं, जबकि मुख्य बाजार होने के कारण लोग दैनिक सामान की खरीदारी करने भी पहुंचते हैं।

'तालाबनुमा' सड़क

मगर इस 'तालाबनुमा' सड़क को पार करना किसी साहसिक खेल से कम नहीं है। जरा सी चूक हुई नहीं कि पैदल यात्री या दोपहिया वाहन सवार इन गहरे गड्ढों में गोटियां खाते नजर आते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव की वजह से गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है।

सड़क की बदहाली पर जब विभागीय अधिकारियों से पूछा गया तो उन्होंने बजट के अभाव का दुखड़ा सुना बरसात खत्म होने के बाद ही मरम्मत की उम्मीद जताई। जेइ चेतन रावल ने कहा कि एस्टीमेट शासन को भेजा है।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में अगले तीन घंटे में भारी बारिश का अलर्ट, केदारनाथ हाईवे बंद होने से कई यात्री फंसे