अल्मोड़ा में प्रतिमा अनावरण पर सियासी घमासान ब्लॉक प्रमुख ने मंत्री-विधायक से पहले किया लोकार्पण
ब्लॉक मुख्यालय ताड़ीखेत में स्वतंत्रता सेनानी पं. रामदत्त पांडे की प्रतिमा का अनावरण केंद्रीय राज्यमंत्री और विधायक के आने से पहले ही ब्लॉक प्रमुख बबीता मेहरा ने कर दिया।
-1788870236579_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, ताड़ीखेत। विधानसभा चुनाव बेशक दूर हैं, मगर सरगर्मियों के बीच आपसी खींचतान तेज हो चली है। ब्लॉक मुख्यालय में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं. रामदत्त पांडे की प्रतिमा के अनावरण से पहले ही सियासी ड्रामा हो गया।
केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा व विधायक डा.प्रमोद नैनवाल कार्यक्रम में पहुंचे भी नहीं थे। उधर उपेक्षा से नाराज ब्लॉक प्रमुख बबीता मेहरा ने फीता काट प्रतिमा का अनावरण कर दिया।
आरोप लगाया कि सांसद व विधायक दोनों ने विकासखंड की मुखिया होने के बावजूद उन्हें आमंत्रित किया ना ही कोई सूचना दी। यह प्रमुख के अधिकारों का हनन है।
चूंकि प्रमुख खेमा विधायक डा. नैनवाल का बेहद करीबी रहा है, लिहाजा घटनाक्रम को लेकर सियासी हलकों में तरह तरह की चर्चाएं हैं। ब्लॉक मुख्यालय में मंगलवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं. रामदत्त पांडे की प्रतिमा का लोकार्पण किया जाना था।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद अजय टम्टा मुख्य अतिथि व विधायक डा. प्रमोद नैनवाल ने बतौर विशिष्ट अतिथि हिस्सा लेना था। ब्लॉक के अधिकारियों व कर्मचारियों ने मंत्री व विधायक के स्वागत की ठीकठाक व्यवस्था की थी।
कार्यक्रम के बारे में भनक लगने पर ब्लाक प्रमुख बबीता मेहरा मुख्यालय पहुंची। नाराज मुखिया ने कड़ा एतराज जताया कि जिस विकासखंड मुख्यालय में लोकार्पण समारोह होना है,आखिर उसकी सूचना उन्हें क्यों नहीं दी गई।
काफी देर देर इंतजार करने के बाद जब पता लगा कि मंत्री व विधायक के पहुंचने में देर है तो गुस्साई प्रमुख ने खुद ही कैंची से रिबन काटा और प्रतिमा का अनावरण कर नमन किया।
हालांकि, प्रतिमा का अनावरण कर ब्लाक प्रमुख जैसे ही मौके से चली गईं तो अधिकारी और कर्मचारियों ने केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा व विधायक डा. प्रमोद नैनवाल के पहुंचने से पहले फिर से प्रतिमा ढक दी।

19.56 लाख रुपये की लागत से तैयार स्वतंत्रता सेनानी की प्रतिमा लगाने की घोषणा चार वर्ष की गई थी। मगर एनओसी न मिलने से निर्माण नहीं हो सका था। वहीं बीडीओ तारा चंद्र ने कहा कि शिलापट पर ब्लॉक प्रमुख का नाम अंकित है।
उन्होंने कहा कि प्रतिमा के अनावरण की सूचना प्रमुख को दी थी लेकिन वह नाराज थीं। इधर केंद्रीय राज्यमंत्री व विधायक शाम पांच बजे तक कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंचे थे। मगर प्रमुख फीता काटकर मुख्यालय से चली गई।
प्रमुख के फीता काट अनावरण के बाद ताड़ीखेत ब्लाक मुख्यालय में मंगलवार की सायं पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा व विधायक डा. प्रमोद नैनवाल ने स्वतंत्रता सेनानीं पं.रामदत्त पांडे की प्रतिमा का दोबारा अनावरण किया।
यह भी पढ़ें- अल्मोड़ा के स्याल्दे में सड़क बनी बत्तखों का स्वीमिंग पूल, गड्ढों में जलभराव से लोग बेहाल
