विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी एयरपोर्ट के रनवे पर पड़ी थी गिट्टियां फिर भी लैंड होते रहे विमान, तीन घंटे तक प्रभावित रहीं उड़ानें

Published: Wed, 12 Aug 2026 08:00 AM (IST)

वाराणसी एयरपोर्ट पर रनवे पर गिट्टियां और कीचड़ होने के कारण इंडिगो के विमान को अयोध्या डायवर्ट करना पड़ा, जिससे ...और पढ़ें

लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट। जागरण

लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट। जागरण

HighLights

  1. रनवे पर गिट्टियां और कीचड़ की सूचना

  2. इंडिगो पायलट ने लैंडिंग से किया इनकार, अयोध्या डायवर्ट

  3. रनवे तीन घंटे बंद, उड़ानें हुईं प्रभावित

जागरण संवाददाता, वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार को एयरपोर्ट अथारिटी की बड़ी लापरवाही सामने आई। रनवे पर गिट्टियां पड़े होने और कीचड़ के कारण किनारे की पीली स्ट्रिप के कुछ दूर तक दिखाई नहीं देने की जानकारी मिलने के बाद भी करीब एक घंटे तक विमानों का संचालन होता रहा।

दोपहर 12 बजे दिल्ली से पहुंची एयर एंबुलेंस के पायलट ने रनवे पर गिट्टियां होने की सूचना एयरपोर्ट प्रशासन को दी थी। इसके बावजूद करीब एक बजे दिल्ली से आ रहे इंडिगो के विमान (उड़ान संख्या 6ई-5025) को लैंडिंग की अनुमति दे दी गई।

रनवे पर गिट्टियां देखकर पायलट ने इसकी जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को दी और लैंडिंग से इन्कार कर दिया। इसके बाद सुरक्षा कारणों से विमान को अयोध्या डायवर्ट किया गया और रनवे को बंद कर साफ सफाई व मेंटेंनेंस कराया गया। वाराणसी एयरपोर्ट के रनवे विस्तार का काम आगरा की कंपनी पीएनसी इंफ्राटेक कर रही है।

यही कंपनी लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का निर्माण भी कर चुकी है, जो कई स्थानों पर सड़क धंसने और गुणवत्ता को लेकर सवालों के घेरे में है। रात में रनवे विस्तार का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण सामग्री लेकर आने-जाने वाले डंपरों से गिट्टियां रनवे पर गिर गई थीं। बारिश के कारण डंपरों के टायरों का कीचड़ भी रनवे तक पहुंच गया, जिससे किनारे की पीली स्ट्रिप भी कुछ दूर तक नहीं दिख रही थी।

इसकी जानकारी एयरपोर्ट अथारिटी को नहीं हुई और सुबह से सात विमानों ने लैंड किया और इतने विमानों ने टेकआफ किया। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ। आखिरकार इंडिगो के विमान के पायलट के लैंड करने से मना करने के बाद एयरपोर्ट प्रशासन सचेत हुआ और रनवे बंद कर सफाई और आवश्यक मेंटेनेंस का काम शुरू कराया।

करीब तीन घंटे बाद शाम 4:05 बजे संचालन शुरू हुआ और सबसे पहले अयोध्या से इंडिगो के विमान ने वाराणसी एयरपोर्ट पर लैंडिंग की।

यह भी पढ़ें- वाराणसी में गंगा में बाढ़ में कुछ आई कमी, लेक‍िन बढ़े जलस्‍तर की च‍ि‍ंता बरकरार, नौका संचालन ठप रहा

तीन उड़ानें डायवर्ट, एक निरस्त

रनवे बंद रहने के दौरान नवी मुंबई और अहमदाबाद से आने वाली उड़ानों को लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा, जबकि गाजियाबाद से आने वाली एक उड़ान निरस्त कर दी गई। मुंबई से अकासा एयर और दिल्ली से इंडिगो की एक अन्य उड़ान भी करीब एक घंटे विलंबित रही। उड़ानों के डायवर्जन और देरी से यात्रियों को परेशानी हुई और एयरलाइंस के काउंटरों पर भीड़ लगी रही।

एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि इंडिगो के पायलट ने रनवे पर एफओडी (फारेन आब्जेक्ट डेब्रिस) होने की सूचना दी थी। सुरक्षा के मद्देनजर विमान को अयोध्या भेजकर रनवे बंद किया गया और सफाई कराई गई।