दिल्ली और बेंगलुरु से काठमांडू के लिए उड़े दो विमानों ने वाराणसी में की लैंडिंग, खराब मौसम बना वजह
काठमांडू में खराब मौसम और धुंध के कारण शुक्रवार को दिल्ली और बेंगलुरु से आ रहे दो विमानों को वाराणसी डायवर्ट किया गया। यात्रियों ने सुरक्षित लैंडिंग प ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, वाराणसी। काठमांडू में खराब मौसम के चलते शुक्रवार को दिल्ली और बेंगलुरु से काठमांडू जा रहे दो विमानों को वाराणसी डायवर्ट करना पड़ा। काठमांडू के आसमान में छाई धुंध और खराब दृश्यता के कारण दोनों विमानों के पायलटों ने एहतियात बरतते हुए वाराणसी एटीसी से संपर्क किया और लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।
पहला मामला एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआइ-215 का है, जो दिल्ली से काठमांडू जा रही थी। खराब मौसम के कारण विमान निर्धारित समय पर काठमांडू में उतर नहीं सका और सुबह 8:32 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया।
विमान में 137 यात्री सवार थे। एयरपोर्ट पर विमान की रिफ्यूलिंग और तकनीकी जांच की गई। इसके बाद विमान सुबह 9:25 बजे काठमांडू के लिए रवाना हो गया। डायवर्जन की सूचना से यात्रियों में हल्की चिंता जरूर दिखी, लेकिन सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी ने राहत की सांस ली।
दूसरी घटना एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या आईएक्स-874 की है, जो बेंगलुरु से काठमांडू जा रही थी। काठमांडू में खराब मौसम होने के कारण यह विमान दोपहर 3:15 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा। इसमें 166 यात्री सवार थे। काठमांडू में मौसम सामान्य नहीं होने के कारण दो घंटे बाद शाम 5:15 बजे विमान को बेंगलुरु वापस भेज दिया गया।