वाराणसी में पहले किया लव मैरिज फिर फिर पत्नी की हत्या कर सूटकेस में छिपाया शव, फरार पति गिरफ्तार
दादरा एवं नगर हवेली के सिलवासा में पत्नी की हत्या कर शव सूटकेस में छिपाने वाले पति को यूपी एसटीएफ ने वाराणसी से गिरफ्तार किया है। आरोपी पति नाम और पहच ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
पति ने सिलवासा में पत्नी की हत्या कर शव सूटकेस में छिपाया।
फरार आरोपी पति वाराणसी में नाम बदलकर मजदूरी कर रहा था।
यूपी एसटीएफ और सिलवासा पुलिस ने संयुक्त रूप से गिरफ्तार किया।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। दादरा एवं नगर हवेली के सिलवासा में पत्नी की हत्या कर शव को सूटकेस में छिपाकर फरार आरोपित पति को यूपी एसटीएफ ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।
एसटीएफ की वाराणसी फील्ड इकाई और सिलवासा पुलिस की संयुक्त टीम ने ऋषभ कुमार सिंह को मंडुवाडीह के चांदपुर स्थित इंडस्ट्रियल एस्टेट से पकड़ा। वह नाम और पहचान छिपाकर रह रहा था और मजदूरी कर रहा था। ऋषभ बिहार के नवादा जिले के सिउर का रहने वाला था और उसने प्रेम विवाह किया था।
सिलवासा पुलिस ने आरोपित को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड लेने की प्रक्रिया की है। उसे सिलवासा ले जाकर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ऋषभ ने अपने गांव की रहने वाली छोटी उपाध्याय से प्रेम विवाह किया था। दोनों के परिवार इस रिश्ते के खिलाफ थे। छोटी के स्वजन ने नवादा में उसके खिलाफ अपहरण का मुकदमा भी दर्ज कराया था।
ऋषभ सिलवासा में निजी कंपनी में नौकरी करता था और पत्नी के साथ किराये के मकान में रहता था। उसके परिवार वाले भी छोटी को बहू के रूप में स्वीकार नहीं कर रहे थे। वहीं, छोटी उस पर ससुराल ले जाने का दबाव बनाती थी। इसी बात को लेकर दोनों में अक्सर विवाद होता था।
पुलिस के अनुसार, गत नौ जून की शाम विवाद के बाद ऋषभ ने पत्नी की हत्या कर दी। शव को प्लास्टिक से ढंककर सूटकेस में बंद किया और उसे किराये के मकान में छोड़कर फरार हो गया। करीब दो माह बाद तीन अगस्त को मकान मालिक ने किसी अन्य व्यक्ति को कमरा किराये पर देने के लिए खोला तो सूटकेस में शव मिला। सूचना पर स्थानीय पुलिस पहुंची।
मामले में सिलवासा थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। हत्या के बाद ऋषभ सिलवासा से भागकर वाराणसी आ गया। सिलवासा पुलिस को उसके वाराणसी और आसपास छिपे होने की सूचना मिल रही थी। इसके बाद उसने यूपी एसटीएफ से सहयोग मांगा और गिरफ्तार कर लिया।