काशी में सावन पर हाइटेक तैयारियां, प्रशासन की सक्रियता के साथ ही विशेषज्ञों की टीम ने संभाला मोर्चा
काशी विश्वनाथ मंदिर में सावन माह के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए हाई-टेक व्यवस्थाएं की गई हैं। जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने इ ...और पढ़ें

काशी विश्वनाथ में सावन पर हाई-टेक सुरक्षा, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर में सावन माह के दौरान दर्शन पूजन के लिए आने वाले भक्तों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। इस दौरान हेड काउंट मशीन, सीसीटीवी कैमरे, निगरानी साइट और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जा रही है। गलियों में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए डायवर्जन किया जा रहा है, जबकि घाट पर ड्रोन से निगरानी के साथ ही कंट्रोल सेंटर से हर हिस्से पर नजर रखी जा रही है।
कुंभ की तर्ज पर हेड काउंट के साथ ही ड्रोन और बड़ी स्क्रीन पर कंट्रोल रूम में सीसीटीवी से भीड़ पर निगरानी रखी जा रही है। जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने श्रावण मास में आने वाले श्रद्धालुओं और कावड़ियों के लिए मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन की व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए आए शिव भक्तों और श्रद्धालुओं से बातचीत की और उनकी सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और प्रदेशवासियों को सावन माह के द्वितीय सोमवार की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान शिव की कृपा सभी पर बनी रहे और सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य का संचार हो।
श्रद्धालुओं से दर्शन के दौरान किसी भी प्रकार की कठिनाई, पेयजल, साफ-सफाई, आवागमन और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को निरंतर बेहतर बनाए रखा जाए और श्रद्धालुओं को सुगम एवं व्यवस्थित दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
खबरें और भी
भीड़ को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा, कंट्रोल रूम में बैठकर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था का भी परीक्षण किया गया। वहीं कुंभ में अनुभव रखने वाले पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को भी जिम्मा क्राउड कंट्रोल का दिया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने की आवश्यकता है। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी और मंदिर प्रशासन से जुड़े अधिकारी भी उपस्थित रहे।