उन्नाव में दर्दनाक हादसा: ओवरटेक के चक्कर में ट्रक ने स्कूटी सवार महिला को रौंदा, सिर धड़ से हुआ अलग
उन्नाव में दो भीषण सड़क हादसे हुए। शेखपुर नहर के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार फरहीन फातिमा को रौंद दिया, जिससे उनका सिर धड़ से अलग हो गया। ...और पढ़ें
-1775150635495_m.webp)
फरहीन फातिमा (फाइल फोटो) और सदर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुर नगर स्थित घटना स्थल पर खड़ी स्कूटी को देखते लोग

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, उन्नाव। उन्नाव-शुक्लागंज मार्ग पर सदर क्षेत्र के शेखपुर नहर के पास गुरुवार दोपहर रुह कंपा देने वाला हादसा हुआ। ओवरटेक की कोशिश में ट्रक ने स्कूटी सवार महिला को रौंद दिया। महिला का सिर कटकर हेलमेट के साथ धड़ से अलग हो गया।
स्थानीय लोग जब तक कुछ समझ पाते चालक ट्रक लेकर भाग निकला। महिला के साथ स्कूटी में पीछे बैठी बहन की मासूम बेटी बाल-बाल बच गई। उसके चेहरे पर हादसे की दहशत साफ दिख रही थी। स्वजन मौके पर पहुंचे तो शव देख कांप गए। पुलिस ट्रक का पता लगा रही है।
किला चौकी क्षेत्र के मोहल्ला छिपियाना निवासी दिलशाद अहमद दुबई में रहकर नौकरी करते हैं। एक साल पहले दिलशाद की शादी 27 वर्षीय फरहीन फातिमा से हुई थी। पति के दुबई चले जाने से फरहीन अपने काम खुद निपटाती थी। गुरुवार को वह अपनी बहन की छह वर्षीय बेटी जारा को साथ लेकर स्कूटी से दवा लेने शुक्लागंज के मरहला चौराहा जाने को निकली।
शेखपुर नहर के पास पीछे से आ रहे 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से ट्रक ने ओवरटेक की कोशिश में स्कूटी को टक्कर मार दी। स्कूटी चला रही फरहीन हेलमेट समेत सड़क पर गिर गई। ट्रक का पीछे का पहिया उसके सिर पर ऐसा चढ़ा कि गर्दन कटकर हेलमेट समेत अलग होकर बाहर जा गिरा। सिर की खाल बालों समेत गायब हो गई।
खबरें और भी
हालांकि सड़क के बाईं ओर गिरने से मासूम भतीजी जारा बाल-बाल बच गई। हादसे की जानकारी पर पहुंचे जेठ लईक शव देख कांप गए। लोगों ने शव पर गमछा डाल दिया था। जेठ लईक कभी फरहीन की पीठ सहलाते तो कभी मदद को लिए चीख पड़ते।
सदर कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि ट्रक को पकड़ने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। शीघ्र ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रक तेज रफ्तार में था, आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने में उसने स्कूटी को टक्कर मार दी।
नशे में चालक ने दौड़ाया ट्रक, पांच वाहनों को मारी टक्कर
उन्नाव-हरदोई मार्ग पर सफीपुर कस्बा में उन्नाव से बांगरमऊ की ओर जा रहे नशे में धुत ट्रक चालक ने गुलाब बिल्डिंग के पास एक के बाद एक पांच वाहनों को टक्कर मार दी। अहमद गेस्ट हाउस के पास सबसे पहले सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर में टक्कर मारी। इसके बाद उसने एक बाइक को टक्कर मारी और आगे बढ़ते हुए गुलाब बिल्डिंग के पास टेंपो और कार को चपेट में ले लिया।
सड़क पर चालक को ट्रक लहराता देख राहगीरों में खलबली मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग पड़े। कुछ दूर पर पोस्ट ऑफिस के पास चालक ने बीच सड़क पर ही ट्रक को खड़ा कर दिया और स्टीयरिंग पर ही लुढ़क गया। इस दौरान सड़क के दोनों छोर पर लंबा जाम लग गया।
वाहनों की कतार लगने की सूचना पर प्रशिक्षु आईपीएस संचित शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बावजूद ट्रक स्टार्ट नहीं हो सका। आखिरकार दूसरे ट्रक की मदद से ट्रक को सड़क किनारे हटाया गया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया है। एसओ एसएन त्रिपाठी ने बताया कि होश आने के बाद चालक से पूछताछ की जाएगी।
मवेशी के सामने आने से शिक्षक की कार बिजली के पोल में घुसी
विकासखंड के नरीगाड़ा के प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षक जितेंद्र कुमार कार से विद्यालय आते है। वह रोजाना की भांति गुरुवार को भी विद्यालय जा रहे थे। अभी वह जमुनिहा गांव के पास पहुंचे ही थे कि उनकी कार के सामने बेसहारा मवेशी आ गया। जिससे कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल में जा घुसी।
आसपास के लोगों ने शिक्षक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनका उपचार जारी है। वहीं बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जहां बिजली विभाग की टीम बिजली की लाइन को दुरुस्त कराया। प्रधान शिक्षक अरविंद सिंह ने बताया कि घायल शिक्षक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।