विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुलतानपुर पुलिस ने मुठभेड़ में पांच करोड़ के ड्रग्स के साथ 5 तस्करों को किया गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली

Updated: Fri, 14 Aug 2026 07:40 PM (IST)

सुलतानपुर में पुलिस मुठभेड़ के बाद पांच मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार किए गए, जिनमें से दो को गोली लगी है।

मुठभेड़ में घायल तस्कर

मुठभेड़ में घायल तस्कर

HighLights

  1. सुलतानपुर में पांच मादक पदार्थ तस्कर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार।

  2. दो बदमाशों को जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली।

  3. पांच करोड़ की मॉर्फीन, हथियार और दो कारें बरामद।

संवाद सूत्र, सुलतानपुर। पुलिस व मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के बीच शुक्रवार की सुबह हुई मुठभेड़ में पांच बदमाश गिरफ्तार किए गए हैं। इनमें से दो बदमाशों को जवाबी फायरिंग में गोली लगी है। उन्हें स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

गिरफ्तार आराेपितों के पास से अनुमानित पांच करोड़ रुपये मूल्य की एक किलो 800 ग्राम मॉर्फीन, असलहा व दो कार बरामद हुईं हैं। आरोपित ओडिशा से गांजा, पंजाब से स्मैक लाकर प्रदेश के कई जिलों में तस्करी करते थे।

क्षेत्राधिकारी कादीपुर के नेतृत्व में पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम रायपुर सर्विस लेन अंडरपास के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अम्बेडकरनगर की ओर से लखनऊ जा रही दो संदिग्ध कारें पुलिस को दिखाई दी। टीम को देखते ही कार सवारों ने वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया।

इसी दौरान वाहन असंतुलित हो गए और आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बलरामपुर के जैतापुर निवासी खुर्शीद आलम और बल्दीराय के डीह के प्रशान्त सिंह के दाहिने पैर में गोली लगी।

दोनों घायलों को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया। मौके से पुलिस ने रोगोविन्दपुर के रोहित तिवारी, मकदूमपुर के अंकुर प्रजापति और पटना के बिहटा के गुलटेरा बाजार निवासी रामबाबू उर्फ श्यामबाबू को गिरफ्तार किया है।

ओडिशा से गांजा, पंजाब से स्मैक की तस्करीपूछताछ में आरोपितों के अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह से जुड़े होने की जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, गिरोह ओडिशा से गांजा और पंजाब से स्मैक लाकर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करता था।

यह भी पढ़ें- हाईवे पर गश्त करती रही पुलिस, सुलतानपुर में चोरों ने 3 घरों से उड़ाए 1 करोड़ के गहने और नकदी

पुलिस से बचने के लिए तस्करी के दौरान दो अलग-अलग कारों का इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके संपर्कों का पता लगाने में जुटी है।

मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ लगातार मुहिम चलाकर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस को पहले से इनपुट मिला था, उसी आधार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। जिसमें पांच लोगों की गिरफ्तारी हुई है। इस गिरोह से जुड़े लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

                                                                                         चारू निगम, पुलिस अधीक्षक