सिद्धार्थनगर में भूमि विवाद को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक की मौत; तीन महिलाएं हिरासत में
सिद्धार्थनगर के जगदीशपुर मोहल्ले में भूमि विवाद को लेकर हुई कहासुनी के बाद 47 वर्षीय रामशंकर की गोली मारकर हत्या ...और पढ़ें

रोते- बिलखते परिजन। जागरण
HighLights
सिद्धार्थनगर में भूमि विवाद को लेकर गोलीबारी हुई।
47 वर्षीय रामशंकर की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
पुलिस ने पड़ोसी पक्ष के तीन लोगों को हिरासत में लिया।
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। सदर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर मोहल्ले में रविवार सुबह भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई कहासुनी के बाद 47 वर्षीय रामशंकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली उनके सीने में लगी और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद मोहल्ले में सनसनी फैल गई। पुलिस ने जगदीशपुर निवासी अतुल दुबे के परिवार की तीन महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
जगदीशपुर निवासी रामशंकर और उनके पड़ोसी अतुल दुबे के बीच घर के बगल स्थित करीब 200 वर्गफीट जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मामला न्यायालय में भी लंबित है। विवादित जमीन के एक तरफ नगरपालिका की ओर से सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सड़क से जमीन तक आने-जाने के लिए अतुल दुबे के परिवार की ओर से मजदूरों से जमीन पर स्लोप बनवाया जा रहा था। इसी को लेकर रविवार सुबह दोनों परिवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
एक पक्ष का आरोप, घर के भीतर ले जाकर मारी गोली
रामशंकर के स्वजन का आरोप है कि कहासुनी के दौरान अतुल दुबे रामशंकर को खींचते हुए अपने घर के भीतर ले गया और वहां अपनी लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक से गोली मार दी। गोली लगने से रामशंकर की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
अतुल के स्वजन ने बताया, घर पर चढ़कर करने आए थे मारपीट
वहीं, अतुल दुबे के स्वजन का कहना है कि रामशंकर पक्ष के लोग उनके घर पर चढ़कर मारपीट करने गए थे। उनका आरोप है कि इससे पहले भी रामशंकर का परिवार कई बार मारपीट के लिए उनके घर पर चढ़ चुका था। इसी दौरान अतुल के परिवार में किसी व्यक्ति ने लाइसेंसी बंदूक से रामशंकर पर गोली चला दी, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
सीसीटीवी फुटेज से सामने आ सकती है सच्चाई
घटना को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आने के बीच पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार अतुल दुबे के घर में सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। ऐसे में घटना के समय की फुटेज से विवाद की शुरुआत और गोली चलने की परिस्थितियों की जानकारी मिल सकती है। घटना की सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से एक-एक साक्ष्य एकत्र किया।
पुलिस ने अतुल दुबे के परिवार की तीन महिलाओं को हिरासत में लिया है। मृतक के स्वजन की ओर से घटना में एक भाजपा नेता का नाम भी लिया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।
गोली मारकर हत्या की पुष्टि : एएसपी
अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने बताया कि रामशंकर की गोली मारकर हत्या की गई है। मामले के अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
