अंकित बालियान हत्याकांड: गोगी गैंग के फरार दो शूटरों पर इनाम बढ़ाकर हुआ 1-1 लाख रुपये, पुलिस की 5 टीमें दे रहीं दबिश
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में फरार गोगी गैंग के दो शूटरों पर इनाम राशि बढ़ाकर एक-एक लाख रुपये कर ...और पढ़ें

HighLights
फरार शूटरों आर्यन और सत्यम पर इनाम राशि एक लाख हुई।
पुलिस की पांच टीमें हरियाणा सहित कई राज्यों में तलाश कर रही।
हरियाणा के बदमाशों पर नकेल कसने को विशेष टीम गठित होगी।
जागरण संवाददाता, शामली। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में फरार गोगी गैंग के दोनों शूटरों पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। एडीजी मेरठ जोन ने दोनों पर इनाम की राशि 50-50 हजार रुपये से बढ़ाकर एक-एक लाख रुपये कर दी है। 26 अगस्त को सदर कोतवाली क्षेत्र के नाला पटरी मार्ग पर जिम से बाहर निकलते ही बदमाशों ने हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान को गोलियों से भून दिया था।
हत्याकांड की जिम्मेदारी हरियाणा के गोगी गैंग ने ली थी। पुलिस ने सोमवार को दो शूटर सुमित और मोहित को मुठभेड़ के दौरान ढेर कर दिया था। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम था। इनके अलावा फरार शूटर आर्यन और सत्यम पर भी 50-50 हजार रुपये का इनाम था। पुलिस की पांच टीमें लगातार उनकी तलाश में हरियाणा के साथ दिल्ली, राजस्थान, पंजाब में ताबिश दे रही है, लेकिन वह हाथ नहीं आ रहे हैं।
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि फरार दोनों शूटरों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित हो गया है। उनकी तलाश लगातार जारी है और जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान कुछ और संदिग्ध लोगों की हत्याकांड में शामिल होने की जानकारी हुई है। इनमें रेकी करने वाले, सिम बेचने वाले और जीपीएस बेचने वाले भी शामिल हैं। हत्याकांड के बाद आश्रय देने वाले भी पुलिस के रडार पर हैं।
हरियाणा के बदमाशों के लिए सीमा से लगे जिलों में बनेगी विशेष टीम
अभिषेक कौशिक। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड को हरियाणा के शूटरों ने अंजाम दिया था। इससे पहले भी हरियाणा के बदमाश शामली समेत हरियाणा की सीमा से लगे अन्य जिलों में लगातार वारदातों को अंजाम देते रहे हैं। हत्या, लूट और डकैती जैसी बड़ी वारदातों में भी वहां के बदमाशों का नाम आता रहा है।
अब हरियाणा के बदमाशों पर नकेल कसने के लिए सीमा से सटे जिलों में विशेष पुलिस टीम का गठन किया जाएगा। यह टीम हरियाणा के बदमाशों की धरपकड़ का कार्य करेगी। इसकी निगरानी जिले पर सीधे एसपी करेंगे। आसपास के जिलों में सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान को लेकर भी तालमेल बनाया जाएगा। साथ ही सीमा पर मुस्तैदी से 24 घंटे चौकसी रहेगी।
यमुना के एक ओर यूपी है, तो दूसरी ओर हरियाणा। शामली की बात करें तो यहां करनाल और पानीपत की सीमा लगी हुई है, तो वहीं बागपत की सीमा सोनीपत और पानीपत से मिल रही है। इसी तरह से सहारनपुर की बात करें तो यमुनानगर और करनाल लगा है। हरियाणा और पंजाब की गैंगवार किसी से छिपी नहीं है।
अब वहां के बदमाश यूपी में यमुना किनारे वाले जिलों में भी दहशत फैला रहे हैं। बड़ी वारदातों में हरियाणा के बदमाशों का नाम आ रहा है। पिछले दिनों शामली में पेट्रोल पंप पर डकैती की वारदात हो या फिर कैराना में हत्या। दोनों ही बड़ी वारदात में हरियाणा के बदमाश शामिल थे। अंकित बालियान हत्याकांड को भी हरियाणा के गोगी गैंग के शूटरों ने अंजाम दिया था।
इस मामले में शामली पुलिस दो शूटरों को ढेर कर चुकी है, जबकि फरार दो शूटरों पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है। इन बड़ी वारदातों के बाद ही हरियाणा के बदमाशों की कमर तोड़ने की जरूरत महसूस होने लगी है। इसको देखते हुए अब हरियाणा के बदमाशों के लिए विशेष टीम का गठन किया जाएगा।
पुरानी वारदातों में शामिल हरियाणा के बदमाशों को पकड़ा जाएगा, और वहां के गैंग, उससे जुड़े बदमाशों का भी पूरा डाटा एकत्र किया जाएगा। इस जानकारी को समय-समय पर हरियाणा के अधिकारियों से भी साझा किया जाएगा। इसके साथ ही जिलों की सीमा पर 24 घंटे सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
यूपी में आपराधिक घटनाएं करने वाले गिरोह और वारदात कर यूपी में पनाह लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। दूसरे राज्य के कई अपराधियों को यूपी पुलिस और यूपी एसटीएफ ने ढेर किया है। सबसे ज्यादा कार्रवाई वेस्ट यूपी में की गई हैं।
अब हरियाणा सीमा से सटे जिलों में विशेष टीम का गठन किया जाएगा, जो बदमाशों की कमर तोड़ने का काम करेगी। बदमाशों के खिलाफ जीरो टोलरेंस की नीति पर कार्य किया जा रहा है। -भानु भास्कर, एडीजी मेरठ जोन
यह भी पढ़ें- अंकित बालियान हत्याकांड के तार करनाल से जुड़े, गैंगस्टर पंपू का नाम आया सामने; UP पुलिस से डरकर कोर्ट पहुंचा आरोपी
