सड़क पर घूमते सांड़ से टकराई व्यापारी की बाइक, दर्दनाक हादसे में कपड़ा व्यापारी और सांड़ दोनों की मौत
शाहजहांपुर में वेबर पीलीभीत राष्ट्रीय राजमार्ग पर सांड़ से टकराकर कपड़ा व्यापारी संजीव कुमार की मृत्यु हो गई, सांड़ ने भी दम तोड़ दिया। जिले में बेसहा ...और पढ़ें

संजीव का फाइल फोटो। स्रोत स्वजन
HighLights
बरुआ पट्टी सनायक गांव से मदनापुर जाते समय वेबर पीलीभीत राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ हादसा
संवाद सूत्र, मदनापुर (शाहजहांपुर)। वेबर पीलीभीतराष्ट्रीय राजमार्ग पर सांड़ से टकराकर बाइक सवार कपड़ा व्यापारी संजीव कुमार की मृत्यु हो गई। कुछ देर बाद सांड़ ने भी दम तोड़ दिया। उसे सड़क किनारे दफन करा दिया गया। जिले में बेसहारा पशुओं की वजह से आये दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन इनके संरक्षण को लेकर ध्यान नहीं दे रहा है।
मदनापुर के बरुआ पट्टी सनायक गांव निवासी संजीव काफी समय से मदनापुर कस्बे में रह रहे थे। देर रात वह गांव से मदनापुर लौट रहे थे वेबर पीलीभीत हाईवे पर मदनापुर बरुआ के बीच स्थित गुरुद्वारा के पास सड़क पे घूम रहे सांड़ से बाइक टकरा गई।
इससे वह घायल हो गए। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां से मेडिकल कालेज भेज दिया गया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया गया। जिस सांड़ से उनकी बाइक टकराई थी उसकी भी कुछ देर बाद मृत्यु हो गई।
संजीव के दो बेटे हैं जिनकी अब पूरी जिम्मेदारी पत्नी चांदनी पर आ गई।जिले में बेसहारा पशुओं से आए दिन हादसे हो रहे हैं। कई लोगों की जान भी चली गई लेकिन उसके बाद भी प्रशासन पशुओं को पकड़वाने को लेकर ध्यान नहीं दे रहा है।
खबरें और भी
एक अगस्त को पुवायां के जुझारपुर गांव निवासी चंद्रशेखर दीक्षित की सांड़ से टकराकर मृत्यु हो गई थी। उनकी बाइक गांव से कुछ दूरी पर सांड़ से टकरा गई थी। तीन जुलाई को खुटार क्षेत्र के गांव रुजहा कलां निवासी मुरारी लाल की कार सांड़ से टकरा गई।
मौके पर सांड की मृत्यु हो गई जिसके बाद अनियंत्रित कार ने बसखेड़ा बुजुर्ग निवासी श्यामवीर व खुटार क्षेत्र के गांव चमराबोझी निवासी गोल्डी को टक्कर मार दी। मौके पर श्यामवीर सिंह की मृत्यु हो गई थी।
10 जुलाई को शाहजहांपुर के रामचंद्र मिशन निवासी मुनेश कुमार को नगर के राजीव चौक पर सांड ने पटक दिया था जिससे उनकी मृत्यु हो गई थी। गत माह मदनापुर के मोहनिया मोड़ के पास बिरिया फतेहपुर निवासी श्रीपाल की बेसहारा पशु से टकराकर मृत्यु हो गई थी।