स्मार्ट सिटी शाहजहांपुर: 9 बार के विधायक मंत्री सुरेश खन्ना के गढ़ का सच, विकास के दावों के बीच क्यों रो रही हैं सड़कें?
Uttar Pradesh MLA Report Card: शाहजहांपुर में विधायक सुरेश खन्ना के कार्यकाल में स्मार्ट सिटी के तहत कई विकास कार्य ...और पढ़ें

सुरेश कुमार खन्ना, वित्त मंत्री
HighLights
नौ बार से सुरेश खन्ना पर ही भरोसा जता रही जनता
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। लगातार नौ बार से विधायक के रूप में सुरेश कुमार खन्ना पर ही भरोसा जता रही शहर की जनता को प्रतिफल में क्या मिला, इसके जवाब में गोविंदगंज निवासी जितिन गुप्ता कहते हैं कि स्मार्ट सिटी के रूप में यहां की बुनियादी सुविधाओं में काफी सुधार हुआ। विकास प्राधिकरण हो अत्याधुनिक खेल स्टेडियम, बड़े शहरों की तरह विकसित करने के लिए हर क्षेत्र में ध्यान दिया गया।
हालांकि यहां की बदहाल सड़कों को लेकर वह भी निराशा जताते हैं, उनका कहना है कि प्रशासन भी उतनी ही जिम्मेदारी दिखाता तो तस्वीर और बेहतर हो सकती थी। सूबे की सरकार में वित्त एवं संसदीय कार्यमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने इस बार के कार्यकाल में चार वर्ष के दौरान विभिन्न परियोजनाओं पर काम कराया।
शहर की दूसरी स्मार्ट रोड के रूप में केरूगंज से नेशनल हाईवे को जोड़ने वाली सड़क को स्वीकृति मिली। मोहनगंज में ग्रीन रोड का निर्माण पूरा हुआ। सीएम ग्रिड योजना के तहत तीन प्रमुख मार्गाें पर काम शुरू हो गया है, लेकिन सीवर लाइन व पेयजल की लाइन डालने के बाद सड़कों की मरम्मत पर अब तक काम नहीं हुआ, जिस कारण लोगों की दिक्कतें बनी हुईं हैं।
सफाई व्यवस्था में लोग और सुधार की जरूरत बताते हैं। नगर निगम का निर्माणाधीन कार्यालय भी तैयार नहीं हो सका। हालांकि इस बीच विकास प्राधिकरण सक्रिय हुआ। कई अवैध कालोनियों पर बुलडोजर चले, लेकिन नियोजित विकास को लेकर अब तक प्राधिकरण परियोजना नहीं बना सका।
बाढ़ से निपटने के लिए ककरा पुल को सवा चार करोड़ रुपये से ऊंचा कराया गया है। टाउनहाल नए हब के रूप में विकसित हो रहा है। यहां पर तारामंडल का निर्माण हो रहा है।
मल्टीलेवल पार्किंग भी बन रही है, जिससे जाम की समस्या का काफी हद तक समाधान होने की बात कही जा रही है, लेकिन हनुमत धाम के पास पहले से तैयार पार्किंग को अब तक प्रशासन संचालित नहीं करा सका है। पर्यटन की दृष्टि से रिवर फ्रंट पर लोदीपुर में काम शुरू हो गया है।
हनुमधाम का सुंदीकरण जारी है, जो पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। युवाओं के लिए स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक, तरणताल से लेकर अन्य सुविधाएं मुहैया कराईं गईं। हाकी मैदान में एस्ट्रोटर्फ का काम जारी है। सेटेलाइट बस अड्डे का निर्माण पूरा होने के साथ ही यहां से बसों का संचालन शुरू हुआ। हालांकि अभी यात्रियों की संख्या कम है।
इसी तरह सदर तहसील के हथौडा़ में भवन निर्माण का भूमि पूजन हो गया है। मऊ से हथौडिया को जोड़ने वाले पुल मांग पूरी हुई। सर्किट हाउस का निर्माण चल रहा है। मेडिकल कालेज में कैंसर मरीजों के लिए कीमोथैरेपी की यूनिट बनकर तैयार हो गई है।
हालांकि यहां की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं है। जिला व सिटी अस्पताल की मांग अब तक पूरी नहीं हो सकी है। उद्योगों के लिए लिहाज से उद्यमी विधानसभा क्षेत्र के माहौल को सबसे बेहतर मानते हैं, लेकिन यहां पर स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर नहीं मिल पा रहे।
190 सड़कों के लिए स्वीकृत कराया बजट
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि हमने स्वयं को जनता की सेवा में समर्पित रखा है। विकास कार्यों को लेकर कभी किसी तरह का पक्षपात नहीं किया। जनता हमारी ताकत है, इसलिए यहां की बेहतरी के लिए जो संभव हो सका वह करने का प्रयास किया है।
जहां तक जर्जर मार्गाें की बात है तो हमने 190 सड़कों का बजट स्वीकृत कराया। सीवर या पाइपलाइन के कारण जो सड़कें क्षतिग्रस्त हुईं हैं उनके लिए बजट जारी हो चुका है। बरसात के बाद निर्माण भी होगा।
जहां तक रोजगार की बात है तो हुनरमंद लोगों के लिए अवसरों की कमी नहीं है। औद्योगिक विकास को बढावा देकर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
युवाओं को भी उद्योग क्षेत्र की आवश्यकता के अअनुसार स्वयं को तकनीकी रूप से दक्ष करना होगा। शहर निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़े हमारा यही प्रयास है। यह क्रम निरंतर जारी रहेगा। भविष्य में यहां की जनता को अभी बहुत कुछ मिलेगा।
जर्जर सड़कों के कारण जनता परेशान
विधानसभा चुनावों में उपविजेता सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने बताया कि शहर में कोई अच्छा काम हुआ तो बताया भी जाए। विकास कार्याें की आड़ में सिर्फ धन की बर्बादी हो रही है। शहर की सड़कें व गलियां खोदकर डाल दी गईं। उनकी मरम्मत तक नहीं कराई जा रही, जिस कारण लोग परेशान हैं।
सड़कों पर जाम लगता है, लेकिन कोई ध्यान देने को तैयार नहीं है। सुविधाओं के नाम पर कागजों में ज्यादा हकीकत में कम काम हो रहा है। लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा है। महंगाई बढ़ रही है, ऐसे में विकास के दावे सिर्फ हवा हवाई हैं।
