विकास से चमकी सड़कें, लेकिन छुट्टा पशु और बिजली के 'ब्लैकआउट' से परेशान जनता! रिपोर्ट कार्ड में जानिए कितना सच, कितना दावा
Uttar Pradesh MLA Report Card: ददरौल विधानसभा में सड़कों, पुलों और विद्युतीकरण जैसे विकास कार्य हुए हैं, लेकिन आवारा पशु ...और पढ़ें

अरविंंद सिंह
HighLights
ददरौल विधानसभा में हुआ पुल व सड़कों का निर्माण, विद्युतीकरण व कॉलेजों पर भी काम
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। शहर से सटी ग्रामीण आबादी बहुल ददरौल विधानसभा में बेसहारा पशु व रोजगार के अवसरों की कमी अब भी मुद्दा है। लगातार दो बार के विधायक मानवेंद्र सिंह के असमायिक निधन पर यहां की जनता ने दो वर्ष पूर्व उनके बेटे अरविंद सिंह को अवसर दिया। लोगों की अपेक्षाओं पर वह कितना खरे उतरे? क्षेत्र की कितनी तस्वीर बदली? कौन से काम अब भी अधूरे हैं? लोगों की नजर में कैसा है उनके विधायक का अब तक रिपोर्ट कार्ड?
इस पर चौडेरा गांव निवासी शिक्षक राधेश्याम बताते हैं कि संपर्क मार्ग पर खड़ंजा और इंटरलाकिंग सही ढंग से नहीं लगी। बरसात में जलभराव होता है। हालांकि 2.94 करोड़ से बरेली मोड़ से जलालाबाद मार्ग फाेरलेन हो चुका है।
अजीजगंज से कुर्रिया, मौजमपुर कैनाल से नगरिया गोपालपुर, कुर्रिया कलां से हरदोई सीमा जैसे प्रमुख मार्गों की हालत सुधरी है। 750 किमी. की लंबाई में 255 संपर्क मार्ग भी बन चुके हैं।
पर्वतपुर, गरई नाला सहित विभिन्न पुल निर्माण की मांग भी पूरी हुई, लेकिन गुर्री निवासी ऋषिपाल बताते हैं कि बेसहारा पशु अब भी मुसीबत है। यहां पर 12 गोसंरक्षण केंद्र बन चुके हैं।
छह नई गोशालाओं के भूमि पूजन की तैयारी है। दावा है कि इससे समाधान होगा। शिक्षा की बात करें तो ढकिया परवेजपुर में राजकीय महाविद्यालय के साथ आइटीआइ के बजट आवंटित हो गया है।
45 प्राथमिक विद्यालयों के नए भवनों के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। सेहरामऊ और कांट में दो कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बन चुके हैं। मदनापुर में भी राजकीय महाविद्यालय के निर्माण का प्रस्ताव है।
सरौरा सरोरी व चांदपुर बरकतपुर में दस करोड़ रुपये से बाढ़ का कटान रोकने पर काम हुआ है। कांट में अत्याधुनिक सुविधा वाले रोडवेज बस अड्डा भी तैयार होने लगा है।
युवा शैलेंद्र यादव ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र होने के बाद भी रोजगार नहीं मिल पा रहा। स्वरोजगार के लिए ऋण नहीं मिल रहा। अरविंद सिंह बताते हैं कि पिपरौला गांव के पास 133 एकड़ भूमि को कब्जा मुक्त कर औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत गत वर्ष 1100 युवाओं को जोड़ा गया था। इस वर्ष 1800 युवाओं को योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। युवाओं के लिए कांट में स्टेडियम स्वीकृत है।
सेहरामऊ दक्षिणी में भी निर्माण होगा। विशाल गुप्ता ने बताया कि सिमरई गांव में बिजली के जर्जर तार से हादसे की आशंका रहती है। अरविंद बताते हैं कि नए उपकेंद्र बनवाए हैं।
छह की क्षमता बढ़ाई गई है। बरतारा में नए उपकेंद्र का भूमि पूजन हो चुका है जबकि तीन के प्रस्ताव लंबित हैं, इन पर जल्द काम हाेगा, जिससे आपूर्ति में बड़ा सुधार दिखेगा।
प्राथमिकताओं के आधार पर कराए कार्य : अरविंद सिंह
विधायक अरविंद सिंह ने बताया कि जनता की बुनियादी आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर हमने प्राथमिकता पर कार्य कराए। सड़कों व पुलों की सबसे ज्यादा जरूरत थी। इसलिए उन पर विशेष ध्यान दिया, जिससे बदलाव भी नजर आ रहा है।
कांट में फोरलेन सड़क, आधुनिक बस अडडा, स्टेडियम से विकास के साथ-साथ क्षेत्र के विकास को गति व नई पहचान मिलेगी। बेसहारा पशुओं के संरक्षण के लिए बड़ी गोशालाएं बनवाईंं, जिससे काफी हद तक समाधान भी हुआ है।
कुछ अभी निर्माणाधीन है। पिपरौला में नए उद्योगों के लिए 140 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई जा रही है। जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
कुर्रिया कलां, जालपा देवी मंदिर, भैंसटा कलां, शीतला माता मंदिरों में सुंंदरीकरण कराकर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया है। बिजली व्यवस्था सुधार के लिए उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि के साथ ही नए केंद्र बनवाने का भी काम किया। हमने जो वादे किए थे, उनमें से अधिकांश पूरे किए हैं, जो कार्य शेष हैं, वह जल्द पूरे होंगे।
