Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शाहजहांपुर: सौतेले पिता पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली किशोरी के दर्ज हुए बयान, डॉक्टर न मिलने से मेडिकल अटका

    Updated: Wed, 08 Jul 2026 07:43 PM (GMT+05:30)

    शाहजहांपुर में सौतेले पिता पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली किशोरी के बयान दर्ज किए गए हैं, लेकिन डॉक्टर न मिलने के कारण मेडिकल परीक्षण नहीं हो सका। आरो ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक चित्र

    प्रतीकात्मक चित्र

    HighLights

    1. आरोपित की पत्नी ने बेटी, दामाद व उसके स्वजन के विरुद्ध दी तहरीर पर जांच के बाद होगी कार्रवाई

    जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। : सौतेले पिता पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली किशोरी के बुधवार को थाने में बयान दर्ज किए गए। हालांकि चिकित्सक न मिलने की वजह से बुधवार को भी मेडिकल परीक्षण नहीं हो पाया। अब गुरुवार को मेडिकल के लिए बुलाया गया है। आरोपित की छह जुलाई को मृत्यु हो गई थी। वहीं आरोपित की पत्नी ने दहेज के लिए बेटी, दामाद व उसके अन्य स्वजन के विरुद्ध जो तहरीर दी थी, उस पर जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

    सिंधौली के एक गांव निवासी व्यक्ति ने आठ वर्ष पहले खुटार निवासी महिला से कोर्ट मैरिज कर ली थी। महिला का पूर्व पति से अलगाव हो चुका थी जिस वजह से वह अपनी नाबालिग बेटी व बेटे के साथ सिंधौली चली आई थी। 28 अप्रैल को उसकी 17 वर्षीय बेटी की क्षेत्र के ही एक युवक से प्रेम विवाह हो गया था।

    उस किशोरी ने छह जुलाई को सिंधौली थाने में तहरीर देकर अपने सौतेले पिता पर तीन वर्ष से दुष्कर्म करने, गर्भपात कराने, किसी को बिताने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। पुलिस आरोपित को पूछताछ के लिए थाने लाई थी। देर रात तबीयत बिगड़ने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां से मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया था।

    वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया गया था। आरोपित के विरुद्ध तहरीर के आधार पर दुष्कर्म समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मंगलवार को किशोरी को मेडिकल के लिए बुलाया गया था लेकिन वह किसी कारण नहीं पहुंचीं। बुधवार को वह पति के साथ थाने पहुंचकर अपने बयान दर्ज कराए। अभी न्यायालय में भी उसके बयान दर्ज कराए जाएंगे।

    खबरें और भी

    दरअसल किशोरी ने अपनी मां पर भी आरोप लगाया था कि पिता की करतूत कई बार मां को बताई थी लेकिन वह पिता का ही साथ दे रहीं थी। प्रभारी निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि किशोरी के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। उसका मेडिकल भी कराया जाना था लेकिन चिकित्सक न मिलने की वजह से नहीं हो पाया। अब गुरुवार को फिर बुलाया गया है। किशोरी की मां ने जो तहरीर दी है, उसमें बिना जांच के कार्रवाई नहीं हो सकती।

    यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: सौतेले पिता पर आरोप लगाने वाली बेटी नहीं पहुंची मेडिकल कराने, मां के खुलासे ने पलटा पूरा मामला