विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

GST कलेक्शन में शाहजहांपुर की छलांग: यूपी में 9वें नंबर पर पहुंचा जिला, गाड़ियों और इलेक्ट्रॉनिक्स से बढ़ा राजस्व

Published: Thu, 03 Sep 2026 03:16 PM (IST)

शाहजहांपुर जिले ने अगस्त में जीएसटी संग्रह में 56.60% की वृद्धि दर्ज करते हुए प्रदेश में नौवां स्थान प्राप्त किया। ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज है।

एआई जेनरेटेड इमेज है।

जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। जीएसटी संग्रह में जिले ने अगस्त माह में शानदार प्रदर्शन किया है। पिछले वर्ष अगस्त की तुलना में इस बार जिले में जीएसटी राजस्व संग्रह में 56.60 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अगस्त 2025 में जहां 22 करोड़ 12 लाख रुपये का संग्रह हुआ था, वहीं अगस्त 2026 में यह बढ़कर 34 करोड़ 63 लाख रुपये पहुंच गया।

वृद्धि दर के आधार पर जिला प्रदेश में नौवें स्थान पर रहा, जबकि बरेली मंडल में प्रथम स्थान प्राप्त किया। चालू वित्तीय वर्ष में भी कर संग्रह की स्थिति बेहतर रही है।

अगस्त तक शाहजहांपुर में 182.86 करोड़ रुपये का जीएसटी संग्रह हुआ, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में 145.06 करोड़ रुपये संग्रह हुआ था। इस तरह संचयी कर संग्रह 26.06 प्रतिशत बढ़ा है।

बरेली मंडल के अन्य जिलों की तुलना में भी शाहजहांपुर की वृद्धि दर काफी अधिक रही। अगस्त में पीलीभीत में 26.79 प्रतिशत, बदायूं में 25.33 प्रतिशत और बरेली में 21.22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई।

अगस्त तक संचयी वृद्धि पीलीभीत में 18.70, बदायूं में 3.11 और बरेली में 13.25 प्रतिशत रही। राज्य कर के नोडल उपायुक्त प्रवेश तोमर ने बताया कि कार और ट्रैक्टर से प्राप्त राजस्व में 35 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

खाद्य तेल, लकड़ी-इमारती लकड़ी, कोयला और इलेक्ट्रानिक सामान से भी 30 प्रतिशत से अधिक वृद्धि दर्ज की गई है। कर संग्रह बढ़ाने में रोजा थर्मल पावर प्लांट का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।

उत्पादित बिजली करमुक्त होने के बावजूद दूसरे राज्यों से खरीदे गए कोयले की आइटीसी वापस किए जाने से सरकार को कर राजस्व प्राप्त होता है।

सरकारी विभागों से जमा कर में भी वृद्धि हुई है। हालांकि दोपहिया वाहन, सीमेंट, रसायन और कार्य ठेका से प्राप्त कर राजस्व में गिरावट आई है। अधिकारियों के अनुसार इन क्षेत्रों में कमी के कारणों की समीक्षा की जा रही है

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर की इस जर्जर सड़क से खिसक रही लोगों की रीढ़ की डिस्क, रोजाना 150+ मरीज पहुंच रहे अस्पताल