संतकबीर नगर के तरयापार गांव में बनेगा आधुनिक फलोद्यान, मॉडल विदेशी फलों से सजेगा बाग
नाथनगर ब्लॉक के तरयापार गांव में एक हेक्टेयर में आधुनिक फलोद्यान मॉडल विकसित किया जाएगा, जिसमें ड्रैगन फ्रूट के साथ थाई, ताइवान, ब्लैक डायमंड अमरूद, आ ...और पढ़ें

नाथनगर ब्लाक के तरयापार गांव में पिलर के सहारे लगे ड्रैगन फ्रूट के पौधे। -उद्यान विभाग
HighLights
तरयापार गांव में एक हेक्टेयर में फलोद्यान मॉडल।
ड्रैगन फ्रूट के साथ विदेशी अमरूद, आम, नींबू लगेंगे।
पद्मश्री डॉ. आरसी चौधरी करेंगे मॉडल का शुभारंभ।
दिलीप पाण्डेय, संतकबीरनगर। नाथनगर ब्लाक के तरयापार गांव में एक हेक्टेयर में फलोद्यान का आधुनिक माडल बनेगा। यहां पर पहले लगे ड्रैगन फ्रूट के बाद अब थाई,ताइवान व ब्लैक डायमंड अमरूद,आम,कटहल,नींबू सहित अन्य फलदार पौधे लगेंगे। नाथनगर के किसान उत्पादक संगठन(एफपीओ)ने इसके लिए कदम बढ़ाया है।
इसके लग जाने पर यह गांव जनपद के अन्य गांवों से बिल्कुल अलग दिखेगा। इस गांव के बाग में विदेशों के फल उगेंगे। इसका स्वाद पूरे जनपद के ही नहीं वरन् अन्य जनपदों के लोग चख सकेंगे।
तरयापार गांव में पूर्व में लग चुके हैं 500 ड्रैगन फ्रूट
नाथनगर के एग्रीटेक्नो फेड फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी ने इस गांव को गोद लिया हुआ है। इस कंपनी ने जनवरी-2026 में इस गांव में पांच-पांच मीटर के अंतर में पिलर के 500 ड्रैगन फ्रूट लगाए गए हैं। यह करीब दो वर्ष बाद से फल देने लगेगा। इन्हीं पौधों के बीच में 2.5-2.5 मीटर की दूरी पर 100 थाई अमरूद,100 ताइवान अमरुद, 50 ब्लैक डायमंड नामक अमरूद,विभिन्न प्रजाति के 50 आम, अलग-अलग प्रकार के 20 कटहल, 50 नींबू, 20 बेल सहित कुल 390 फलदार पौधे लगाए जाएंगे।
पद्मश्री से सम्मानित डा.आरसी चौधरी होंगे मुख्य अतिथि
नाथनगर ब्लाक के झिंगुरापार गांव के मूल निवासी व वर्तमान में गोरखपुर के शाहपुर मोहल्ला निवासी वैज्ञानिक डा.आरसी चौधरी इसके मुख्य अतिथि होंगे। इन्हें काला नमक चावल को पुनर्विकसित करने के लिए वर्ष 2024 में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में पद्मश्री देकर सम्मानित किया था।
वह इस माडल फार्म में 13 अगस्त 2026 को सुबह ग्यारह पौधा लगाकर शुभारंभ करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में उद्यान विभाग के डिप्टी डायरेक्टर पंकज शुक्ला,प्रभारी जिला उद्यान अधिकारी एसजी मल्ल सहित अन्य विभागों के कई अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- संतकबीर नगर: 37 साल में 18 क्षेत्रीय प्रबंधक बदले, फिर भी नहीं दूर हुई औद्योगिक क्षेत्रों की वीरानी
कमाई का अच्छा जरिया बनेगा फल उत्पादन
फार्मर प्रोड्यूसर आर्गेनाइजेशन(एफपीओ)के निदेशक प्रतिनिधि यशोवर्धन पाण्डेय ने कहा कि जिस तरह पारंपरिक बाग-बगीचे धीरे-धीरे कम होते जा रहे हैं। ऐसे दौर में किसानों को फिर से फलदार बागवानी की ओर प्रेरित करने का उनके एफपीओ का मुख्य उद्देश्य है। इसी उद्देश्य से उनका एफपीओ नाथनगर ब्लाक के तरयापार गांव में एक हेक्टेयर में माडल फार्म विकसित किया जा रहा है। यह कमाई का अच्छा जरिया बनेगा।
किसानों के लिए बागवानी लंबे समय की स्थायी आय का जरिया बन सकती है। विविध प्रकार के फल उत्पादन से किसानों की आर्थिक स्थिति काफी मजबूत हो सकती है। जनपद के सभी किसानों को इससे प्रेरणा लेनी चाहिए।
-एसजी मल्ल, प्रभारी जिला उद्यान अधिकारी।