Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    संतकबीर नगर में कामिका एकादशी पर सरयू के बिड़हर घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, जाम से जूझते रहे श्रद्धालु

    Updated: Sun, 09 Aug 2026 01:14 PM (IST)

    संतकबीर नगर के बिड़हर घाट पर कामिका एकादशी के अवसर पर सरयू नदी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे धनघटा-बिड़हर घाट मार्ग पर ढाई घंटे तक जाम लगा ...और पढ़ें

    सरयू नदी में स्नान करते श्रद्धालु। जागरण

    सरयू नदी में स्नान करते श्रद्धालु। जागरण

    HighLights

    1. कामिका एकादशी पर बिड़हर घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़।

    2. सरयू नदी में स्नान, भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना।

    3. धनघटा-बिड़हर घाट मार्ग पर ढाई घंटे का जाम।

    जागरण संवाददाता, धनघटा, (संतकबीर नगर)। रविवार को सरयू नदी के बिड़हर घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही स्नानार्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण धनघटा-बिड़हर घाट मार्ग पर करीब ढाई घंटे तक जाम लगा रहा। जाम छुड़ाने में स्थानीय प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

    श्रावण मास के कृष्ण पक्ष की एकादशी को कामिका एकादशी कहा जाता है। पद्म पुराण में वर्णित कामिका एकादशी की कथा के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना करने का विधान है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु की उपासना करने से पापों का नाश होता है और सभी तीर्थों में स्नान का फल प्राप्त होता है। पवित्र नदी के तट पर भगवान विष्णु की पूजा करने वाले भक्तों को उनकी असीम कृपा प्राप्त होती है।

    बिड़हर घाट पर प्रत्येक रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान करने पहुंचते हैं। श्रावण मास में रविवार के दिन यहां श्रद्धालुओं की भीड़ सामान्य दिनों की अपेक्षा बढ़ जाती है। इस बार रविवार को कामिका एकादशी पड़ने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ गई। सुबह श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने से धनघटा-बिड़हर घाट मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब ढाई घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा।

    सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन सक्रिय हुआ और काफी प्रयास के बाद मार्ग को जाम से मुक्त कराया गया। श्रद्धालुओं ने सरयू के पावन जल में स्नान कर भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना की।

    यह भी पढ़ें- संतकबीरनगर में पहल: वंचित बच्चों और दिव्यांगों को खोजकर मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ

    श्रावण में भीड़ की सूचना के बावजूद नहीं चेता प्रशासन

    बिड़हर घाट मंदिर के आचार्य रामशंकर दूबे ने बताया कि श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को लेकर विगत दिनों स्थानीय थाने में हुई पीस कमेटी की बैठक में रविवार को बिड़हर घाट पर संभावित भीड़ के संबंध में प्रशासन को अवगत कराया गया था। इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन ने समय रहते आवश्यक सतर्कता नहीं बरती। यदि पहले से व्यवस्था की गई होती तो श्रद्धालुओं और राहगीरों को जाम की समस्या नहीं झेलनी पड़ती।

    खबरें और भी

    सूचना मिलते ही जाम हटाने में जुटा प्रशासन
    प्रभारी निरीक्षक धनघटा दिलीप सिंह ने बताया कि जाम की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई गई। काफी प्रयास के बाद मार्ग को जाम से मुक्त करा दिया गया।