संभल की मंडी में भूख मिटाएगी ‘शबरी कैंटीन’, किसानों व मजदूरों को मिलेगा सस्ता और पौष्टिक भोजन
बहजोई की कृषि उत्पादन मंडी समिति में जल्द ही 'शबरी कैंटीन' स्थापित होगी। यह किसानों, श्रमिकों और जरूरतमंदों को रियायती दरों पर स्वच्छ, पौष्टिक भोजन प् ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
बहजोई मंडी में जल्द शुरू होगी शबरी कैंटीन।
किसानों, श्रमिकों को मिलेगा रियायती दर पर पौष्टिक भोजन।
स्वयं सहायता समूह करेंगे कैंटीन का संचालन निशुल्क।
संवाद सहयोगी, बहजोई (संभल)। कृषि उत्पादन मंडी समिति बहजोई में जल्द ही ‘शबरी कैंटीन’ की स्थापना की जाएगी। प्रदेश सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य मंडी में आने वाले किसानों, पल्लेदारों, आढ़तियों, श्रमिकों तथा अन्य जरूरतमंद लोगों को रियायती दर पर स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है। मंडी परिषद ने योजना के संचालन को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
योजना के तहत कैंटीन का संचालन स्वयं सहायता समूहों अथवा अन्य सरकारी संस्थाओं के माध्यम से कराया जाएगा। मंडी परिषद कैंटीन संचालकों से किसी प्रकार का प्रीमियम नहीं लेगी और संचालन के लिए निशुल्क स्थान उपलब्ध कराएगी। इसके अलावा कैंटीन को पेयजल की सुविधा तथा प्रति माह 300 यूनिट तक बिजली बिल में छूट भी दी जाएगी।
भोजन की थाली की कीमत मंडी परिषद द्वारा निर्धारित की जाएगी, जिससे हर वर्ग के लोगों को कम कीमत पर भोजन मिल सके। प्रदेश के प्रमुख कृषि उत्पादन मंडी स्थलों पर चरणबद्ध तरीके से शबरी कैंटीन स्थापित की जा रही हैं।
अधिकारियों का कहना है कि योजना से स्वयं सहायता समूहों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा। बहजोई मंडी समिति में भी दो शबरी कैंटीन स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्थान चिह्नित कर लिया गया है। निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ कराया जाएगा।
खबरें और भी
कृषि उत्पादन मंडी समिति बहजोई परिसर में दो शबरी कैंटीन स्थापित की जाएंगी। इनके निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू होगी। कैंटीन का संचालन स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से कराया जाएगा, जिससे किसानों और श्रमिकों को सस्ती दर पर स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध हो सके।- क्षितिज भटनागर, सचिव, कृषि उत्पादन मंडी समिति