संभल में कांवड़ियों ने पुलिस चौकी पर किया हंगामा, गैर समुदाय के लोगों पर पथराव करने का आरोप
संभल में कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों ने गैर समुदाय पर पथराव का आरोप लगाते हुए पुलिस चौकी पर हंगामा किया। पुलिस ने पथराव की बात से इनकार करते हुए ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
कांवड़ियों ने गैर समुदाय पर पथराव का आरोप लगाया।
चौधरी सराय पुलिस चौकी पर कांवड़ियों ने हंगामा किया।
पुलिस ने पथराव से इनकार किया, मामले की जांच जारी।
जागरण संवाददाता, संभल। कांवड़ यात्रा के दौरान रविवार रात साढ़े 11 बजे उस समय तनाव पैदा हो गया, जब कांवड़ियों ने आरोप लगाया कि गैर समुदाय के कुछ लोगों ने उन पर पथराव कर दिया। इससे नाराज कांवड़िये चौधरी सराय पुलिस चौकी के सामने पहुंच गए और हंगामा करने लगे।
कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और कांवड़ियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। हालांकि पुलिस पथराव की बात से इनकार कर रही है।
हयात नगर क्षेत्र के शिव भक्त जल लेकर लौट रहे थे।आरोप है कि चौधरी सराय क्षेत्र में गलियों के अंदर दूसरे संप्रदाय के लोगों द्वारा उन पर पत्थर फेंके गए। इसके बाद शिव भक्त नाराज हो गए और उन्होंने पुलिस चौकी पर पहुंच कर हंगामा करना शुरू कर दिया।
उनका आरोप था कि वहां पर मौजूद गैर संप्रदाय के लोगों ने शिव भक्तों पर पत्थर फेंके हैं। हंगामा कर रहे शिवाभक्तों को पुलिस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।
अधिकारियों के अनुसार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर तथ्य सामने लाए जाएंगे। मामले की विस्तृत जांच सोमवार सुबह से शुरू कराने की बात कही गई है।
थाना प्रभारी मोहित बालियान के मुताबिक मामला उतना गंभीर नहीं था जितना बताया जा रहा था। पथराव की बात नहीं है। ट्रक नजदीक से निकलने को लेकर कहासुनी हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को समझाया, जिसके बाद कांवड़िए शांत होकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।