Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Ganga Expressway Toll Tax: मेरठ से बदायूं का टोल ₹435, जानें 24 घंटे में वापसी और पास के नियम

    Updated: Sun, 24 May 2026 06:30 AM (IST)

    गंगा एक्सप्रेसवे के मेरठ से बदायूं तक के पहले चरण की टोल दरें घोषित कर दी गई हैं। कार चालकों को एक तरफ की यात्रा के लिए 435 रुपये देने होंगे, जबकि 24 ...और पढ़ें

    गंगा एक्सप्रेसवे

    गंगा एक्सप्रेसवे

    HighLights

    1. 129.7 किमी लंबे एक्सप्रेसवे की टोल दरें घोषित, 24 घंटे में वापसी पर मिलेगी छूट

    संवाद सहयोगी, बहजोई (संभल)। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और रुहेलखंड को हाई स्पीड कनेक्टिविटी देने वाले गंगा एक्सप्रेसवे के पहले चरण की टोल दरें तय कर दी गई हैं। मेरठ के बिजौली से बदायूं के नगला बारह तक 129.7 किलोमीटर लंबे एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर वर्ष 2026-27 के लिए नई टोल दरें लागू होंगी।

    पीपीपी (डीबीएफओटी) माडल पर तैयार इस महत्वाकांक्षी परियोजना में कार चालकों को मेरठ से बदायूं तक एक तरफ की यात्रा के लिए 435 रुपये टोल देना होगा। वहीं 24 घंटे के भीतर वापसी करने वाले यात्रियों को रियायती दर पर 695 रुपये में दोनों तरफ का सफर करने की सुविधा मिलेगी।

    यूपीडा द्वारा जारी दरों के अनुसार, कार, जीप और हल्के मोटर वाहनों के लिए बेस रेट 2.55 रुपये प्रति किलोमीटर तय किया गया है। हल्के कमर्शियल वाहन और मिनी बसों को एक तरफ के सफर के लिए 685 रुपये चुकाने होंगे।

    वहीं, बस और भारी ट्रकों के लिए यह शुल्क 1,375 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा भारी निर्माण मशीनों जैसे बुलडोजर आदि के लिए 2,105 रुपये तथा सात या उससे अधिक एक्सल वाले बड़े ट्रेलरों के लिए 2,715 रुपये टोल निर्धारित किया गया है।

    खबरें और भी

    नियमित यात्रियों को मिलेगी पास सुविधा

    एक्सप्रेसवे पर रोजाना आवागमन करने वाले लोगों के लिए 20 वनवे ट्रिप वाला विशेष पास भी उपलब्ध कराया जाएगा। मेरठ से बदायूं तक कार और जीप चालकों के लिए यह पास 6,970 रुपये में मिलेगा।

    इसी प्रकार हल्के कमर्शियल वाहनों के लिए 10,940 रुपये, बस और ट्रकों के लिए 22,035 रुपये, भारी मशीनों के लिए 33,645 रुपये तथा बड़े ट्रेलरों के लिए 43,425 रुपये शुल्क तय किया गया है। दोपहिया, तिपहिया और ट्रैक्टर चालकों के लिए यह पास 3485 रुपये में उपलब्ध रहेगा।

    बड़े पुलों की लागत भी टोल में शामिल

    टोल दरों में केवल सड़क निर्माण ही नहीं, बल्कि एक्सप्रेसवे पर बने बड़े पुलों और इंटरचेंज की लागत भी शामिल की गई है। अधिसूचना के अनुसार 50 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले स्थायी पुलों और ढांचों के उपयोग पर अतिरिक्त शुल्क लगाया जाता है।

    मेरठ-बदायूं रूट पर तीन बड़े पुल और संरचनाएं शामिल हैं, जिन पर क्रमशः 69.309 करोड़ रुपये, 299.960 करोड़ रुपये और 60.056 करोड़ रुपये की लागत आई है। इन संरचनाओं के रखरखाव और निर्माण व्यय का हिस्सा भी टोल के माध्यम से वसूला जाएगा।

     

    टोल दरों का निर्धारण यूपीडा की स्वीकृति के बाद किया गया है। प्रशासन द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ इन दरों को लागू कराया जाएगा और यात्रियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

    - अंकित खंडेलवाल, डीएम, संभल।


    यह भी पढ़ें- लंबी दूरी तय करने वालों की पहली पसंद बना गंगा एक्सप्रेसवे, टोल टैक्स लागू होने के बाद बदला रूट का नजारा