Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'जब तक गिरफ्तारी नहीं, अंतिम संस्कार नहीं'... छेड़छाड़ पीड़िता के पिता की मौत पर बवाल, 3 हिरासत में

    Updated: Mon, 10 Aug 2026 11:14 PM (IST)

    छेड़छाड़ पीड़िता के पिता की मौत के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली सटाकर मारने की पुष्टि के बावजूद ...और पढ़ें

    शाहबाद के लोदीपुर गांव में शव पहुँचने के दौरान जमा लोग। जागरण

    शाहबाद के लोदीपुर गांव में शव पहुँचने के दौरान जमा लोग। जागरण

    HighLights

    1. पोस्टमाॅर्टम के बाद घर पहुंचा शव तो तीन थानों की पुलिस ने गांव में डाला डेरा

    2. पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में सटाकर गोली मारने की हुई पुष्टि, आत्महत्या मान रही पुलिस

    संवाद सहयोगी, शाहबाद (रामपुर)। छेड़छाड़ पीड़िता के पिता की हत्या के प्रकरण में पुलिस ने तीन आरोपित हिरासत में लिए हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सीने से सटाकर 12 बोर के तमंचे से गोली मारने की पुष्टि के बाद पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या ही मान रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचने से पहले तीन थानों की पुलिस ने गांव में डेरा डाल लिया।

    रविवार रात पुलिस ने आरोपितों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दी। इस दौरान नामजद तीन आरोपितों को हिरासत में ले लिया गया। उनसे गहराई से पूछताछ की जा रही है। रविवार को बेटी से छेड़छाड़ के मामले में समझौते का दबाव बनाए जाने से आहत पिता ने सीने में गोली मारकर जान दे दी थी।

    मृतक के लोवर की जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ था। इसमें उसने छेड़छाड़ के प्रकरण में समझौते का दबाव बनाए जाने की बात कहते हुए अपने बड़े भाई समेत पांच लोगों को जिम्मेदार ठहराया था। विवेचना भी क्राइम ब्रांच से कराने की मांग की थी। हालांकि, मृतक के बेटे ने अपने ताऊ समेत नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।

    78775177

    पुलिस ने घटनास्थल और सीएचसी पहुंचकर फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य एकत्र कराए थे। सोमवार दोपहर बाद मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसमें शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान नहीं मिले हैं। सीने पर 12 बोर तमंचे से गोली मारे जाने की पुष्टि हुई। सारे छर्रे शरीर में ही फंसने से सटाकर गोली मारे जाने का अनुमान जताया गया है। इसके चलते पुलिस प्रकरण को आत्महत्या से जोड़कर देख रही है।

    खबरें और भी

    हालांकि, पुलिस को अभी फारेंसिक जांच रिपोर्ट का भी इंतजार है। पोस्टमार्टम के बाद शाम को जब मृतक का शव गांव पहुंचा तो शाहबाद के अलावा पटवाई और सैफनी का भी पुलिस फोर्स गांव में तैनात कर दिया गया। एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि प्रकरण को लेकर सभी पहलुओं पर गहराई से जांच पड़ताल की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का ही प्रतीत हो रहा है

    बच्‍चों का फूटा आक्रोश, पुलिस से हुई खींचतान

    शव अंतिम संस्कार के लिए ले जाने की तैयारी हुई तो बच्चों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने सभी नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए अंतिम संस्कार से इन्कार कर दिया। बच्चों का कहना था कि जब तक पिता की हत्या के सभी आरोपित गिरफ्तार नहीं होंगे, तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं होने देंगे।

    इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और बच्चों के बीच काफी देर तक समझाने-बुझाने का दौर चलता रहा। बच्चों के अपनी मांग पर अड़े रहने से मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। इसके बाद महिला पुलिसकर्मी बच्चों को समझाकर घर के अंदर ले गईं।

    उनके मनाने पर बच्चे राजी हो गए। इस पर शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। शाम करीब सवा सात बजे शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

    बच्चों के लालन-पालन पर आया संकट

    ग्रामीण की हत्या के बाद परिवार के सामने बच्चों के लालन-पालन का संकट खड़ा हो गया है। परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटी और दो नाबालिग बेटे हैं। मृतक ही परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वह नोएडा में प्राइवेट नौकरी करते थे और दो दिन पहले ही गांव लौटे थे।

    अब उनकी मौत के बाद परिवार के सामने रोजमर्रा के खर्च और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई का भी सवाल खड़ा हो गया है। परिवार के पास आय का मुख्य जरिया अब खेती ही रह गया है। सोमवार को भी घर के बाहर रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भीड़ लगी रही।

    यह भी पढ़ें- रामपुर में पुलिस का बड़ा एक्शन: 4 दिन में 7 तस्कर गिरफ्तार; 1.5 करोड़ की स्मैक, अफीम और चरस बरामद