रामपुर: कबाड़ की दुकान में कट रही थीं उत्तराखंड से चोरी हुई बाइकें, ई-चालान ऐप से खुला बड़ा राज
पुलिस ने रामपुर के स्वार में एक कबाड़ की दुकान पर छापा मारकर चोरी की बाइकों को काटकर बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। मौके से कटे हुए बाइक पार्ट् ...और पढ़ें

पुलिस द्वारा पकड़े गए चोरी की बाइकों को काटने के आरोपित। जागरण
HighLights
मुहल्ला काशीपुर में कबाड़ की दुकान पर छापा, छह बाइक काटकर बेचने की थी तैयारी
संवाद सहयोगी, स्वार (रामपुर)। पुलिस ने कस्बे के मुहल्ला काशीपुर स्थित एक कबाड़ की दुकान पर छापा मारकर चोरी की बाइकों को काटकर कबाड़ में बदलने वाले गिरोह का राजफाश किया है। पुलिस ने मौके से छह बोरों में भरे बाइकों के कटे हुए पार्ट्स बरामद किए हैं। जांच में इनमें से कई चेसिस चोरी की बाइकों के निकले। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार करने के साथ एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह 9:15 बजे मुहल्ला काशीपुर स्थित टिनशेड में संचालित कबाड़ की दुकान पर छापा मारा गया। वहां छह बोरों में बाइकों के चेसिस, टंकियां, इंजन, साइलेंसर, चेन, पहिए, शाकर, ब्रेक शू और अन्य पार्ट्स कटे हुए हालत में मिले। पुलिस ने बरामद चेसिस नंबरों की ई-चालान एप के माध्यम से जांच की।
जांच में एक चेसिस एचएफ डीलक्स यूपी 22 एसी 5499, दूसरा स्पलेंडर यूपी 22 एयू 7030 का निकला। एक अन्य चेसिस प्लैटिना यूके 18 6612 का मिला। संबंधित वाहन स्वामी तौफीक निवासी गांधी नगर, किलाखेड़ा (ऊधमसिंह नगर) से संपर्क करने पर उसने बताया कि उसकी बाइक 10 जुलाई को शुक्रवार बाजार, किलाखेड़ा से चोरी हो गई थी।
जबकि दो अन्य चेसिस और एक इंजन नंबर का रिकार्ड उपलब्ध नहीं हो सका, जिसकी जांच जारी है। पुलिस ने मौके से फिरोज निवासी मुहल्ला चक स्वार, ताबिश निवासी मुहल्ला चक स्वार, प्रीतम सिंह निवासी हरदासपुर कोठरा थाना अजीमनगर, एक 17 वर्षीय बाल अपचारी को हिरासत में लिया।
खबरें और भी
पूछताछ के बाद पुलिस ने बरामदगी के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि बाल अपचारी के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित फिरोज के खिलाफ पहले भी गैंग्सटर एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। कोतवाल अनुपम शर्मा ने बताया कि चोरी की बाइकों का काटकर बेचने वालों का राजफाश किया गया है। अन्य आरोपितों की तालाश जारी है।
ई-चालान एप से खुला चोरी का राज
बरामद चेसिस नंबरों को ई-चालान एप पर जांचने से चोरी की बाइकों की पहचान संभव हुई। एक बाइक उत्तराखंड के किलाखेड़ा क्षेत्र से चोरी होना भी सामने आया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अब तक कितनी चोरी की बाइकों को काटकर कबाड़ के रूप में बेचा है, इनके अन्य साथी कौन-कौन हैं।