Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कांवड़ यात्रा 2026: रामपुर में शिवभक्तों को करंट से बचाने की तैयारी, 1200 बिजली के खंभों की कराई गई टैपिंग

    Updated: Fri, 17 Jul 2026 08:33 PM (IST)

    रामपुर में 30 जुलाई से शुरू हो रही कांवड़ यात्रा के लिए बिजली विभाग ने शिवभक्तों को करंट से बचाने की तैयारी की है, जिसके तहत 1200 बिजली के खंभों की टै ...और पढ़ें

    कांवड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर बिजली के खंभों पर प्लास्टिक की टेपिंग करते कर्मचारी। जागरण

    कांवड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर बिजली के खंभों पर प्लास्टिक की टेपिंग करते कर्मचारी। जागरण

    HighLights

    1. शिवभक्तों की सुरक्षा को प्राथमिकता, बिजली विभाग ने तेज की तैयारियां

    जागरण संवाददाता, रामपुर। 30 जुलाई से आरंभ हो रही कांवड़ यात्रा के दौरान काविड़यों की सुरक्षा और उन्हें करंट से बचाने के लिए बिजली विभाग ने तैयारियां शुरू करा दी हैं। यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विभाग हाईवे और प्रमुख मंदिरों की ओर जाने वाले रास्तों पर स्थित करीब 1200 खंभों की टैपिंग करा रहा है।

    कांवड़ यात्रा के दौरान हजारों शिवभक्त जिले से होकर गुजरते हैं। रास्तों में जगह-जगह उनके स्वागत व सेवा को शिविर, भंडारे और विश्राम स्थल बनाए जाते हैं, जहां अधिक संख्या में कांवड़िये कुछ समय के लिए रुकते हैं। ऐसे में बिजली के खंभों के संपर्क में आने से किसी प्रकार की दुर्घटना नहीं हो, इसके लिए विभाग ने पहले से ही सुरक्षा उपाय शुरू कर दिए हैं।

    विभाग के अधिकारी चयनित मार्गों पर प्रत्येक खंभे पर जमीन से लगभग पांच से छह फीट की ऊंचाई तक प्लास्टिक की विशेष पन्नी से टैपिंग की जा रही है। इससे बारिश के दौरान खंभों में नमी आने या लीकेज करंट की स्थिति में विद्युत प्रवाह जमीन तक पहुंचने की आशंका काफी हद तक कम हो जाएगी।

    यह उपाय विशेष रूप से उन स्थानों पर किया जा रहा है, जहां कांवड़ियों की अधिक आवाजाही रहती है या शिविर लगाए जाते हैं। विभाग ने कांवड़ मार्गों का सर्वे भी कराया है। जिन स्थानों पर बिजली के तार नीचे लटके मिले या पोल क्षतिग्रस्त पाए गए हैं, वहां मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है।

    खबरें और भी

    इसके अलावा ढीले तारों को कसने, जर्जर उपकरणों को बदलने और ट्रांसफार्मरों की जांच का काम भी तेजी से कराया जा रहा है। एसडीओ व जेई को निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक कार्य पूरे कर लिए जाएं। कांवड़ यात्रा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए भी अलग से कार्ययोजना तैयार की गई है।

    संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त लाइनमैन और तकनीकी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की विद्युत खराबी आने पर उसका तुरंत समाधान किया जा सके। विभाग ने आपातकालीन मरम्मत दलों को भी तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।

    अधीक्षण अभियंता सतेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कांवड़ सेवा समितियों और शिविर संचालकों से भी अपील की है कि वे बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों और खुले विद्युत उपकरणों के आसपास अस्थायी टेंट या अन्य सामग्री नहीं लगाएं।

    यदि कहीं बिजली से संबंधित कोई खतरा दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल विभाग के नियंत्रण कक्ष को दें। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से 12 सौ बिजली के खंभों की टैपिंग के साथ अन्य सभी सुरक्षा उपाय भी समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा रहे हैं।

    इन स्थानों पर कराई खंभों की टैपिंग

    सिविल लाइंस चौराहे मुरादाबाद रोड के किनारे के खंभों पर प्लास्टिक लपेट कर टैपिंग कराई गई। इसी तरह सिविल लाइंस चौराहे से पनवडिया मार्ग, भमरौआ मंदिर रोड, दुर्ग नगला रोड, रठौंडा रोड, पंजाब नगर रोड, दुर्ग नंगला रोड इत्यादि पर सड़क किनारे लगे करीब 12 सौ एचटी व एलटी लाइनों के खंभों पर बिजली के करंट से बचाव को प्लास्टिक की टैपिंग कराई गई है।

    यह भी पढ़ें- 3 दिन तक कटते रहे आम के पेड़, सोता रहा वन विभाग; रामपुर के इस बाग में हुआ बड़ा खेल