विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रामपुर में बिना तलाक दूसरी शादी पर बवाल, कोतवाली में भिड़ीं दो पत्नियां; पुलिस ने 8 लोगों को हिरासत में लिया

Published: Tue, 01 Sep 2026 11:44 PM (IST)

रामपुर में बिना तलाक दूसरी शादी के विवाद में दो पत्नियां कोतवाली में भिड़ गईं। पुलिस ने हंगामा कर रहे ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. पहली पत्नी को तलाक दिए बिना दूसरी शादी का विवाद।

  2. स्वार कोतवाली में दोनों पत्नियां आपस में भिड़ गईं।

  3. पुलिस ने हंगामा कर रहे आठ लोगों को हिरासत में लिया।

जागरण संवाददाता, रामपुर। पहली पत्नी को तलाक दिए बिना दूसरी शादी करने का मामला मंगलवार को स्वार कोतवाली पहुंच गया। पुलिस दोनों पक्षों को समझौते के लिए कोतवाली लेकर आई थी, लेकिन मामला सुलझने के बजाय दोनों पत्नियां आपस में भिड़ गईं। पुलिस की मौजूदगी में ही काफी देर तक गाली-गलौज और हंगामा होता रहा। पुलिस ने दोनों पक्षों की तीन महिलाओं समेत आठ लोगों को हिरासत में लेकर शांतिभंग की कार्रवाई की है।

उत्तराखंड के बाजपुर थाना क्षेत्र के मुहल्ला संजय नगर निवासी गुलाम हुसैन ने करीब नौ वर्ष पूर्व अपनी बेटी शहनाज की शादी बाजपुर क्षेत्र के गांव मुंडिया निवासी इरफान के साथ की थी। दंपती के दो बच्चे हैं। बताया जाता है कि कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद मामला फैमिली कोर्ट पहुंच गया। मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है।

आरोप है कि इरफान ने पहली पत्नी को तलाक दिए बिना करीब एक वर्ष पूर्व स्वार कोतवाली क्षेत्र के गांव खौदकलां निवासी शबीना से दूसरी शादी कर ली। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ता चला गया और मामला स्वार कोतवाली पहुंच गया। मंगलवार को पुलिस ने इरफान और उसकी दोनों पत्नियों समेत दोनों पक्षों के लोगों को कोतवाली बुलाकर समझौते का प्रयास किया।

बातचीत के दौरान दोनों महिलाओं ने तलाक देने से साफ इंकार कर दिया। दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। दोनों पक्ष कोतवाली परिसर में ही आपस में भिड़ गए। पुलिस कर्मियों के सामने ही गाली-गलौज और हंगामा शुरू होने से कोतवाली परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया।

पुलिस कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को अलग कर महिलाओं को समझाया और मामला शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने एक पक्ष के इरफान अली, शाकिर, शहनाज और वत्तरी तथा दूसरे पक्ष के दानिश, मुस्ताक, शबीना और बिस्मिल्लाह को हिरासत में लेकर शांतिभंग की कार्रवाई की है। कोतवाल अनुपम शर्मा ने बताया कि पति पत्नी का विवाद न्यायालय में विचाराधीन हैं। हंगामा कर रहे आठ लोगों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है।

यह भी पढ़ें- अलर्ट: रामपुर के गांव में जापानी बुखार की दस्तक, 3 साल का मासूम ICU में भर्ती; अलर्ट पर स्वास्थ्य विभाग