अलर्ट: रामपुर के गांव में जापानी बुखार की दस्तक, 3 साल का मासूम ICU में भर्ती; अलर्ट पर स्वास्थ्य विभाग
रामपुर के खजुरिया कलां गांव में तीन वर्षीय मासूम अबुजर में जापानी बुखार की पुष्टि हुई है, जिसका हल्द्वानी के ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज है।
जागरण संवाददाता, रामपुर। ग्रामीण अंचल में जापानी बुखार (जापानी इंसेफेलाइटिस) ने दस्तक दे दी है। खजुरिया क्षेत्र में एक तीन वर्षीय मासूम इस गंभीर बीमारी की चपेट में आया है।
गांव खजुरिया कलां निवासी नाहिद खां ट्रक ड्राइवर हैं। उनके तीन वर्षीय पुत्र अबुजर को पिछले एक सप्ताह से लगातार तेज बुखार आ रहा था। स्वजन ने पहले उसका स्थानीय स्तर पर उपचार कराया, लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।
बच्चे की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए स्वजन 29 अगस्त की शाम को उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों द्वारा कराई गई जांच में वह जापानी इंसेफलाइटिस से पीड़ित निकला।
बच्चे का इलाज आईसीयू में चल रहा है और उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है। सुशीला तिवारी अस्पताल प्रशासन ने रामपुर की मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. दीपा सिंह को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी।
इसके बाद मंगलवार को स्वास्थ्य केंद्र की टीम दवाओं और सैंपलिंग किट के साथ खजुरिया कलां गांव पहुंची। टीम ने पीड़ित मासूम अबुजर के माता-पिता और भाई-बहनों समेत परिवार के कुल आठ सदस्यों की जांच के लिए खून के नमूने लिए हैं।
बीमारी की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य और मलेरिया विभाग की संयुक्त टीम ने पीड़ित के पूरे मकान को सैनिटाइज किया है। इसके अलावा गांव की गलियों और नालियों में जलभराव वाले स्थानों पर एंटी-लार्वा का छिड़काव और फागिंग कराई जा रही है।
सीएमओ ने बताया कि परिवार के अन्य सदस्यों की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। बचाव के सभी इंतजाम किए जा रहे हैं। कहा कि जापानी बुखार मच्छरों (विशेषकर क्यूलेक्स प्रजाति) के काटने से फैलता है और यह केंद्रीय तंत्रिका तंत्र यानी दिमाग पर हमला करता है।
