यूपी के इस जिले में अब 1133 कोटेदार बनाएंगे आयुष्मान कार्ड, ट्रेनिंग के बाद दिया जाएगा ID-पासवर्ड
रायबरेली में अब 1133 कोटेदार आयुष्मान कार्ड बनाएंगे। जिला पूर्ति विभाग ने इसकी तैयारी कर ली है, सभी को आईडी-पासवर्ड और प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह कदम आय ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, रायबरेली। जनपद के 1133 कोटेदार अब आयुष्मान कार्ड भी बनाएंगे। इसके लिए सभी को आईडी पासवर्ड दिया जाएगा। जिला पूर्ति विभाग ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है। इसके तहत सभी कोटेदारों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
आयुष्मान योजना भारत सरकार की एक स्वास्थ्य योजना है, जिसे 2018 को जनपद में लागू किया गया था। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लोगों (बीपीएल धारक) को स्वास्थ्य बीमा मुहैया कराना है।
5 लाख तक का कैश रहित स्वास्थ्य बीमा होगा उपलब्ध
इसके अन्तर्गत आने वाले प्रत्येक परिवार को 5 लाख तक का कैश रहित स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले 11 निजी व सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में आयुष्मान कार्ड धारकों को इलाज मुहैया कराया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग को जिले में 1481761 आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य मिला था, लेकिन विभाग की सुस्त कार्यशैली से सात साल बाद भी अभी तक 902444 आयुष्मान कार्ड ही बन पाए हैं, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने इस काम के लिए अन्य कई विभागों का भी सहारा लिया। गंभीर बात है कि विभाग की इस लचर व्यवस्था के चलते अभी भी करीब पांच लाख जरूरतमंद इस सुविधा से वंचित हैं।
यह भी पढ़ें- दुधवा में जंगल सफारी के दौरान ब्रिटिश नागरिकों की जिप्सी के आगे आया बाघ, टाइगर देख गदगद हुए टूरिस्ट
इससे साफ है कि विभाग सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना के प्रति गंभीर नही है। प्रशासन ने निर्धनों के लिए चलाई जा रही महत्वपूर्ण योजना को जिला पूर्ति विभाग के मातहतों के माध्यम से अमलीजामा पहनाने की तैयारी शुरू कर दी है।
इसके लिए 1133 कोटेदारों की इस काम में लगाया गया है। सभी को इसका प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद कोटेदारों की आईडी पासवर्ड बनवाकर स्वास्थ्य विभाग उनको सौंपेगा। कोटेदार वितरण स्थल पर लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाएंगे। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान कार्ड बनने वालों की सूची जिला पूर्ति विभाग को सौंप दी है।
सभी कोटेदार आयुष्मान कार्ड बनाएंगे। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग सभी कोटेदारों की आईडी बनाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान कार्ड बनने वालों की सूची दी है। आईडी बनते ही आयुष्मान कार्ड बनने का काम शुरू हो जाएगा। - उबैर्दुरहमान, जिला पूर्ति अधिकारी, रायबरेली