दुधवा में जंगल सफारी के दौरान ब्रिटिश नागरिकों की जिप्सी के आगे आया बाघ, टाइगर देख गदगद हुए टूरिस्ट
दुधवा नेशनल पार्क में जंगल सफारी के दौरान ब्रिटिश पर्यटकों को बाघ के दीदार हुए। शापलैंड रीड, रिचर्ड डेविड और जैकलीन अपनी जिप्सी के सामने बाघ को देखकर ...और पढ़ें

संवादसूत्र, जागरण, पलियाकलां (लखीमपुर)। दुधवा घूमने आने वाले पर्यटकों को लगातार बाघ के दीदार हो रहे हैं। देशी विदेशी पर्यटक बाघ को जंगल में स्वछंद घूमते देख कर रोमांचित हो जाते है। दुधवा घूमने आए ब्रिटिश नागरिकों को भी शनिवार को जंगल में सफारी के दौरान बाघ दिखाई दिया जिससे वे लोग काफी उत्साहित नजर आए।
इसके साथ ही जंगल सफारी करने दुधवा पहुंचे अन्य पर्यटकों को भी बाघ के बराबर दीदार हो रहे है। ब्रिटिश नागरिक शापलैंड रीड, रिचर्ड डेविड एवं जैकलीन दुधवा घूमने आए हैैं। शनिवार को सुबह की शिफ्ट में उन्हें नेचर गाइड सुशील कुमार व वाहन चालक जसकरन सिंह के साथ जंगल सफारी पर भेजा गया।
जिप्सी के सामने आया बाघ
सफारी के दौरान एक जगह पर उनकी जिप्सी के सामने बाघ आ गया। थोड़ी देर तक बाघ उनकी जिप्सी के सामने खड़ा रहा। बाघ को अपनी गाड़ी के सामने खड़े देख सभी ब्रिटिश सैलानी रोमांचित हो उठे। पहले तो थोड़ी देर तक वे बाघ को देखने में लगे रहे इसके बाद सभी ने अपने कैमर संभाल लिए और बाघ की फोटो व वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
कुछ देर तक बाघ रास्ते पर खड़ा रहा और उसके बाद मस्त चाल से जिप्सी के आगे आगे चलकर घास में ओझल हो गया। ब्रिटिश सैलानियों के अलावा दूसरी जिप्सी में बैठे सैलानी भी बाघ को देखकर झूम उठे और उसे अपने कैमरे में कैद कर लिया।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- उपभोक्ताओं को जानकारी दिए बिना जबरन लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर, पूछने पर ठेकेदार ने कहा- पुराने Meter हो रहे खराब
बताया जा रहा है कि दुधवा नेशनल पार्क में इस समय सैलानियों को बाघों की साइटिंग लगातार हो रही है। दुधवा नेशनल पार्क हो या किशनपुर सेंचुरी दोनों जगहों पर बाघ लगातार दिख रहे हैं।
बाघों के दिखाई देने से दुधवा में पर्यटकों के आने का सिलसिला जारी है। पर्यटकों के आने से दुधवा में बराबर चहल पहल बनी हुई है और अधिकारी पर्यटकों के आने से खुश हैैं।