रायबरेली के लालगंज में चूल्हे की चिंगारी से झोपड़ी में लगी आग, तीन साल के बच्चे की जलकर मौत
रायबरेली के लालगंज स्थित ऐंधी गांव में चूल्हे की चिंगारी से एक झोपड़ी में आग लग गई, जिससे तीन वर्षीय बालक आदित्य की जलकर मौत हो गई। ...और पढ़ें

HighLights
लालगंज में चूल्हे की चिंगारी से झोपड़ी में आग लगी।
तीन वर्षीय बालक आदित्य की जलकर दर्दनाक मौत हुई।
राजस्व अधिकारियों ने नुकसान का आकलन किया, सहायता का आश्वासन।
संवाद सूत्र, लालगंज (रायबरेली)। खीरों के ऐंधी में शुक्रवार को चूल्हे की चिंगारी से एक घर में आग लग गई। चपेट में आकर एक तीन वर्षीय बालक की जलकर मौत हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के आग पर काबू पाया। आग से गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। राजस्व कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया।
गांव के रामसुमेर की पत्नी रेशमी अपनी झोपड़ी में भोजन बनाकर सास राजवती को उनके घर पर खाना देने चली गई। उनके पति मजदूरी करने गए थे। बड़ा बेटा सात वर्षीय आदर्श घर के बाहर खेल रहा था और तीन वर्षीय आदित्य झोपड़ी के अंदर सो रहा था। इसी दौरान अचानक चूल्हे की चिंगारी से झोपड़ी में आग लग गई।
आदर्श ने भागकर जान बचाई, लेकिन छोटा बेटा आग की चपेट में आ गया। आग की लपटें देख आसपास के ग्रामीण दौड़े और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आदित्य को बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक जलकर उसकी मौत हो गई।
प्रधान पति मंगेश की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक रामप्रकाश तिवारी, लेखपाल अजीत गौतम ने घटना से हुए नुकसान का आंकलन किया। मृतक की मां, पिता, भाई, दादी, चाचा सुरेंद्र कुमार, सुरेश कुमार, सुनील कुमार, सुशील कुमार, पूरन समेत अन्य परिवारजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
खबरें और भी
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, कानूनी कार्रवाई की जा रही है। तहसीलदार शुभम राठौर का कहना है कि शीघ्र ही पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रचंड गर्मी में जरा सी चूक पड़ रही भारी
भीषण गर्मी में जरा सी चूक भारी पड़ रही है। ऐसे में गांवों के उन घरों में विशेष सतर्कता बरती जानी चाहिए जो झोपड़ी के हैं। ऐंधी गांव में शुक्रवार को महिला भोजन बनाने के बाद चूल्हे को अगर ठीक से बुझा देती तो शायद दुर्घटना टल जाती। बताया जाता है कि चूल्हे की चिंगारी ने आफत बरसा दी।