Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नकली नोट मामले में सपा नेता की प्रॉपर्टी कुर्क करेगी प्रयागराज पुलिस, अदालत में दी NBW की अर्जी

    Updated: Mon, 13 Apr 2026 03:00 AM (IST)

    प्रयागराज पुलिस ने नकली नोट मामले में वांछित सपा नेता विवेक यादव की संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट के लिए ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, प्रयागराज। नकली नोट छापकर भारतीय अर्थव्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश के मामले में वांछित चल रहे सपा नेता विवेक यादव के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसने लगा है। अब उसकी चल और अचल प्रापर्टी भी कुर्क की जाएगी।

    इसके लिए पुलिस ने कवायद शुरू कर दी है। सरायइनायत पुलिस ने फरार चल रहे इनामी अभियुक्त विवेक यादव के खिलाफ गैरजमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) के लिए अदालत में अर्जी दी है। कोर्ट से आदेश मिलने के बाद संपत्ति कुर्क करने समेत अन्य कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

    बताया गया है कि देवरिया के गौरीगंज निवासी सरगना विवेक यादव की गिरफ्तारी होने पर नकली नोट से जुड़े बड़े नेटवर्क का राजफाश होगा। शुरुआती छानबीन में पता चला है कि विवेक यादव अपने ठिकाने पर नकली नोट छापकर उसे अलग-अलग एजेंट के माध्यम से ग्रामीण बाजारों में खपत कराता था।

    नेपाल बॉर्डर से लेकर पूर्वांचल के कई जिलों में उसके गिरोह से जुड़े लोग लंबे समय से काम करते आ रहे हैं। मौजूदा समय में विवेक की लोकेशन नेपाल में ही बताई जा रही है, जहां छिपकर वह फरारी काट रहा है। उसकी गिरफ्तारी न होने के कारण पुलिस दूसरे कदम उठा रही है।

    खबरें और भी

    इसमें एनबीडब्ल्यू जारी करवाने से लेकर प्रापर्टी को कुर्क करने की कार्रवाई को लेकर कवायद तेज की गई है। बीते माह सरायइनायत पुलिस ने भदोही निवासी राहुल यादव, विवेक कुमार यादव और देवरिया के नरेंद्र उर्फ विराट यादव व धर्मेंद्र कुमार को गिरफ्तार करते हुए नकली नोट गिरोह का भंडाफोड़ किया था।

    पुलिस की तफ्तीश में गिरफ्तार आरोपितों का सरगना विवेक यादव से बातचीत, चैटिंग समेत दूसरे साक्ष्य मिले थे। पकड़े गए आरोपितों के कब्जे से एक लाख 18 हजार नकली नोट, छापने के उपकरण, कार समेत अन्य सामान बरामद किया गया था।

    उस मुकदमे में वांछित विवेक और उसके सहयोगी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी है। फिलहाल थानाध्यक्ष सरायइनायत संजय गुप्ता का कहना है कि एनबीडब्ल्यू के लिए कोर्ट में अर्जी दी गई है। उसके बाद कुर्की सहित दूसरी कार्रवाई की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- मां के शव के साथ 5 दिन तक कमरे में रहा बेटा, प्रयागराज में आर्थिक तंगी से परेशान बुजुर्ग महिला ने फंदा लगाकर दी जान