RRB 'एक देश-एक वेबसाइट' पर शिफ्ट, अब देश में एकीकृत व्यवस्था लागू, अभ्यर्थियों को एक ही जगह मिलेगी भर्ती की सभी जानकारी
भारतीय रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने 'एक देश, एक वेबसाइट' प्रणाली लागू की है, जिससे अब सभी 21 क्षेत्रीय आरआरबी एक एकीकृत पोर्टल से जुड़ गए हैं। यह नई ...और पढ़ें

आरआरबी की नई एकीकृत वेबसाइट लॉन्च, वेबसाइट का होम पेज। साभार : आरआरबी
HighLights
नई एकीकृत वेबसाइट rrb.indianrailways.gov.in से सभी 21 क्षेत्रीय आरआरबी जुड़े
स्टैंडबाई में रखी गई आरआरबी प्रयागराज की वेबसाइट, सभी अपडेट अब एकल स्थल पर
अमरीश मनीष शुक्ल, प्रयागराज। अब देश भर के सभी क्षेत्रीय भर्ती बोर्ड ‘एक देश, एक वेबसाइट’ की एकीकृत व्यवस्था से जुड़ गए हैं। देश भर के सभी 21 क्षेत्रीय रेलवे भर्ती बोर्डों को मिलाकर अब एक नई एकीकृत वेबसाइट rrb.indianrailways.gov.in शुरू की गई है। पुरानी अलग-अलग वेबसाइटें 31 जुलाई 2026 के बाद पूरी तरह से बंद हो जाएंगी।
अभ्यर्थियों को एकीकृत वेबसाइट पर जुड़ने की सलाह
इसी क्रम में आरआरबी प्रयागराज की पुरानी वेबसाइट पर आज 24 जुलाई की सुबह से आई तकनीकी दिक्कत के बाद बंद हो गई। परेशान अभ्यर्थियों ने आरआरबी से संपर्क किया तो उन्हें एकीकृत वेबसाइट से जुड़ने की सलाह दी गई।
भर्ती प्रणाली को आधुनिक बनाने की व्यवस्था
उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के सीपीआरओ डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि भर्ती प्रणाली को आधुनिक और आधुनिकतम डिजिटल तकनीक से जोड़ने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है। पुरानी वेबसाइट को स्टैंडबाई पर रखा गया है, जिसे धीरे-धीरे पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। अब अभ्यर्थियों को अलग-अलग क्षेत्रीय पोर्टल खंगालने की परेशानी से मुक्ति मिल जाएगी।
नए पोर्टल का होमपेज सरल व उपयोगी बनाया
‘एक देश, एक वेबसाइट’ की थीम पर तैयार इस नए पोर्टल के होमपेज को बेहद सरल और उपयोगी बनाया गया है। मुख्य पृष्ठ पर ही सभी भर्ती विज्ञापनों की सूची और आनलाइन आवेदन के डायरेक्ट लिंक दिए गए हैं। सभी 21 क्षेत्रीय बोर्डों की जानकारी और उनसे संपर्क करने के डायरेक्ट लिंक मुख्य पेज पर उपलब्ध हैं।
खबरें और भी
सभी जानकारी एक ही जगह मिलेगी
इसके अलावा जरूरी अपडेट्स के लिए स्क्रीन पर एक अनाउंसमेंट पट्टी लगातार चलती रहेगी। साथ ही, 'जनरल अपडेट्स' के लिए अलग से कालम बनाया गया है। अभ्यर्थियों को ई-काल लेटर, परीक्षा शहर की जानकारी, उत्तर कुंजी और परिणाम आदि एक ही जगह मिल सकेंगे।
मुख्य पेज पर सभी 21 क्षेत्रीय आरआरबी की सूची
नई वेबसाइट के मुख्य पेज पर ही देश के सभी 21 क्षेत्रीय रेलवे भर्ती बोर्डों की सूची और आईकान दी गई है। अभ्यर्थी जिस भी बोर्ड से संबंधित जानकारी चाहते हैं, उस पर क्लिक करते ही सीधे संबंधित क्षेत्रीय पेज पर पहुंच जाएंगे। इस नई एकीकृत डिजिटल व्यवस्था के तहत अहमदाबाद, अजमेर, प्रयागराज (इलाहाबाद), बेंगलुरु, भोपाल, भुवनेश्वर, बिलासपुर, चंडीगढ़, चेन्नई, गोरखपुर, गुवाहाटी, जम्मू-श्रीनगर, कोलकाता, मालदा, मुंबई, मुजफ्फरपुर, पटना, रांची, सिकंदराबाद, सिलीगुड़ी और तिरुवनंतपुरम-इन सभी 21 आरआरबी के आवेदन, परीक्षा और परिणाम अब इसी एक प्लेटफार्म के माध्यम से संचालित होंगे।