Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    प्रयागराज-मुंबई दुरंतो जल्द बनेगी हमसफर एक्सप्रेस, रोज चलेगी; फ्लेक्सी फेयर हटने से यात्रियों को किराए में मिलेगी राहत

    By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Thu, 21 May 2026 03:57 PM (IST)

    प्रयागराज-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस को जल्द ही 'हमसफर एक्सप्रेस' में बदला जाएगा, जिससे यह प्रतिदिन चलेगी और फ्लेक्सी फेयर समाप्त हो जाएगा। इस बदलाव से या ...और पढ़ें

    प्रयागराज-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस।

    प्रयागराज-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस।

    HighLights

    1. प्रयागराज-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस जल्द ही नए रूप और नए शेड्यूल के साथ नजर आएगी

    2. ट्रेन से फ्लेक्सी फेयर सिस्टम समाप्त होने से हर सीजन में एक समान किराया देना होगा

    3. उत्तर मध्य रेलवे ने प्रस्ताव रेलवे बोर्ड के साथ ही मध्य रेलवे और पश्चिम मध्य रेलवे को भेजा

    अमरीश मनीष शुक्ल, प्रयागराज। मुंबई जाने वाले रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। प्रयागराज से लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) के बीच चलने वाली प्रयागराज-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस जल्द ही नए रूप और नए शेड्यूल के साथ नजर आ सकती है। इस ट्रेन को अब 'हमसफर एक्सप्रेस' के रूप में अपग्रेड करके प्रतिदिन चलाने की तैयारी की जा रही है। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) ने इसका विस्तृत प्रस्ताव रेलवे बोर्ड के साथ-साथ मध्य रेलवे और पश्चिम मध्य रेलवे को भेज दिया है।

    दो रेलवे जोन की हरी झंडी का इंतजार

    इस महत्वाकांक्षी योजना को धरातल पर उतारने के लिए अब बस दो रेलवे जोन की सहमति का इंतजार है। चूंकि उत्तर मध्य रेलवे के क्षेत्र से निकलने के बाद इस ट्रेन का सफर अधिकांश समय मध्य रेलवे और पश्चिम मध्य रेलवे के नेटवर्क में होता है, इसलिए गेंद अब इन्हीं दोनों जोन के पाले में है। जैसे ही सीआर और डब्ल्यूसीआर की ओर से इस प्रस्ताव पर अपनी आधिकारिक सहमति दे दी जाएगी, वैसे ही रेलवे बोर्ड इसके संचालन के लिए अंतिम आदेश जारी कर देगा। रेलवे प्रशासन को उम्मीद है कि यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए जल्द ही सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलेगी।

    फ्लेक्सी फेयर से मिलेगी मुक्ति, जेब को मिलेगी राहत

    दुरंतो एक्सप्रेस को हमसफर एक्सप्रेस में बदलने का सबसे बड़ा फायदा यात्रियों की जेब को होगा। वर्तमान में दुरंतो एक्सप्रेस में 'फ्लेक्सी फेयर' लागू है। इसके कारण त्योहारी सीजन या भारी मांग के दिनों में प्रयागराज से मुंबई का थर्ड एसी का किराया बढ़कर 5,000 रुपये के पार पहुंच जाता है, जबकि सामान्य दिनों में यह करीब 3,000 रुपये रहता है। हमसफर एक्सप्रेस बनते ही इस ट्रेन से फ्लेक्सी फेयर सिस्टम पूरी तरह समाप्त हो जाएगा। यानी यात्रियों को हर सीजन में एक निर्धारित दूरी का एक समान और तय किराया ही देना होगा।

    लगेंगे स्लीपर कोच, हर वर्ग का सफर होगा आसान

    वर्तमान में मुंबई दुरंतो पूरी तरह से वातानुकूलित (फुल एसी) ट्रेन है, जिसमें सिर्फ एसी श्रेणी के ही कोच लगे हैं। बजट यात्रियों के लिए इसमें सफर करना काफी मुश्किल होता है। लेकिन हमसफर एक्सप्रेस के रूप में तब्दील होने के बाद इस ट्रेन के रैक कंपोजीशन में बड़ा बदलाव आएगा। नए कनवर्टेड रैक में एसी कोच के साथ-साथ स्लीपर श्रेणी के कोच भी जोड़े जा सकेंगे। इससे मध्यम और कम बजट वाले आम यात्रियों को भी मुंबई तक की सीधी और तेज ट्रेन में सफर करने का मौका मिलेगा।

    खबरें और भी

    समय सारणी और मौजूदा रूट

    प्रयागराज से मुंबई के बीच की 1,346 किलोमीटर की दूरी तय करने में मुंबई दुरंतो ट्रेन वर्तमान में 20 घंटे 45 मिनट का समय लेती है।
    प्रस्थान : प्रयागराज जंक्शन से शाम 06:10 बजे।
    आगमन : अगले दिन दोपहर 02:55 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस ।
    प्रमुख ठहराव : प्रयागराज से रवाना होने के बाद यह ट्रेन अभी केवल सतना, जबलपुर, इटारसी और भुसावल स्टेशनों पर ही रुकती है।

    जेडआरयूसीसी की बैठक में उठा मुद्दा

    इस पूरी योजना की सुगबुगाहट उत्तर मध्य रेलवे द्वारा आयोजित 10वीं क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्श समिति (जेडआरयूसीसी) की बैठक में हुई। बैठक के दौरान फूलपुर के सांसद प्रवीण पटेल ने प्रयागराज-मुंबई दुरंतो को प्रतिदिन चलाने का महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा। इस पर उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने वस्तुस्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि रेलवे प्रशासन इस पर पहले से काम कर रहा है। दुरंतो को हमसफर के रूप में प्रतिदिन चलाने का प्रस्ताव बोर्ड समेत संबंधित जोन्स को भेजा जा चुका है।

    सीट की मारामारी से मिलेगी निजात

    वर्तमान में प्रयागराज और आस-पास के जिलों से मुंबई रूट पर चलने वाली ट्रेनों में सीटों को लेकर भारी मारामारी रहती है। समर स्पेशल ट्रेनों के बाद भी नियमित ट्रेनों में महीनों पहले नो-रूम की स्थिति बन जाती है। ऐसे में यदि यह ट्रेन रोजाना चलने लगती है, तो प्रयागराज के साथ-साथ प्रतापगढ़, कौशाम्बी, जौनपुर और भदोही के हजारों यात्रियों को मुंबई आने-जाने के लिए एक बेहतरीन और किफायती विकल्प मिल जाएगा।

    यह भी पढ़ें- इलाहाबाद विश्वविद्यालय के स्नातक छात्रों के लिए राहत, छूटे कौशल विकास पाठ्यक्रम पूरा करने का मिला मौका

    यह भी पढ़ें- दिन में लू रात में भी गर्म हवा कर रही परेशान, छह दिनों तक अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा