Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मानसून संगम नगरी में पूरी तरह सक्रिय, सुबह से झमाझम बारिश से मौसम सुहावना, अगले दो दिनों तक भारी बारिश की संभावना

    By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Thu, 09 Jul 2026 02:57 PM (GMT+05:30)

    प्रयागराज में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है, सुबह से झमाझम बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 और 11 जुलाई को मानसून की सक्र ...और पढ़ें

    प्रयागराज में गुरुवार को झमाझम बारिश से सड़क पर जलभराव के बीच जाते वाहन व राहगीर। जागरण

    प्रयागराज में गुरुवार को झमाझम बारिश से सड़क पर जलभराव के बीच जाते वाहन व राहगीर। जागरण

    HighLights

    1. IMD का आकलन, 10 और 11 जुलाई को बढ़ेगी मानसून की सक्रियता

    2. पिछले कुछ दिनों से आसमान में छाए हैं बादल, हो रही रुक-रुककर बारिश

    जागरण संवाददाता, प्रयागराज। मानसून अब पूरी तरह संगम नगरी में सक्रिय नजर आने लगा है। इन दिनों आसमान पर घने बादल छाए हैं और रुक-रुककर बारिश हो रही है। वहीं आज 9 जुलाई की सुबह से ही झमाझम बारिश हो रही है। कभी धीरे तो कभी तेज वर्षा का क्रम दोपहर तक जारी है। इससे मौसम सुहावना हो गया है। 10 और 11 जुलाई को मानसून की सक्रियता बढ़ने का मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है।

    अगले दो दिनों तक होगी बारिश 

    8 जुलाई को दिनभर बादलों की आवाजाही और बीच-बीच में हुई हल्की बारिश ने मौसम को सुहावना बनाए रखा। शाम के समय कई इलाकों में बारिश होने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसारअगले दो दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे और दिन में छिटपुट बारिश के साथ शाम या रात के समय गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। इससे तापमान नियंत्रित रहेगा और लोगों को भीषण गर्मी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

    आज का तापमान 

    9 जुलाई को न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, हालांकि अभी अधिकतम तापमान रिकार्ड नहीं हुआ है। वहीं  8 जुलाई को अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आज की बारिश से शहर के कई इलाकों और सड़क किनारे जलभराव हो गया। इससे वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ी। 

    ...इसलिए बारिश का जारी रहेगा सिलसिला 

    मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने और मानसूनी हवाओं के सक्रिय रहने के कारण बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। बादलों की मौजूदगी के कारण तेज धूप निकलने की संभावना कम है। हालांकि बीच-बीच में हल्की धूप दिखाई दे सकती है लेकिन उसके बाद फिर बादल छाने और वर्षा होने के आसार बने रहेंगे।

    खबरें और भी

    भीषण गर्मी लौटने की संभावना नहीं 

    मौसम विभाग के अनुसार 10 और 11 जुलाई को मानसून और अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। लगातार बादलों की आवाजाही के कारण तेज गर्मी लौटने की संभावना फिलहाल नहीं है। हालांकि दोपहर में उमस की स्थिति बनी रह सकती हैं। मौसम विभाग की मानें तो तीन दिनों तक प्रयागराज में राहत भरा मानसूनी मौसम बने रहने के संकेत हैं, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से काफी हद तक राहत मिलती रहेगी।

    यह भी पढ़ें- गुप्त नवरात्र 15 से 23 जुलाई तक, कर्क राशि में गुरु-चंद्रमा का संचरण पुण्यकारी; मठ-मंदिरों में जनकल्याण को साधना करेंगे संत

    यह भी पढ़ें- रेलवे कर्मियों के बच्चों की पढ़ाई अब और आसान होगी, हॉस्टल सब्सिडी में हुआ बड़ा इजाफा; राशि बढ़कर हुई कितनी?