हिस्ट्रीशीटर ने छात्र पर किया जानलेवा हमला, गाड़ी तोड़ी और सोने की चेन लूटी; केस दर्ज
प्रयागराज के अल्लापुर में एक हिस्ट्रीशीटर ने छात्र हेमंत सिंह पर जानलेवा हमला कर उसकी गाड़ी तोड़ी और सोने की ...और पढ़ें

प्रयागराज के अल्लापुर में हिस्ट्रीशीटर के हमले से घायल छात्र हेमंत। सौ. स्वयं
HighLights
प्रयागराज के जार्जटाउन थाना क्षेत्र के अल्लापुर में वारदात
पुलिस दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर कर रही पूछताछ
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। पुलिस की निगरानी के दावे के बीच एक हिस्ट्रीशीटर ने छात्र और उसके साथियों ने जानलेवा हमला किया। पथराव कर गाड़ी तोड़ दी और गले से सोने की चेन भी लूट ली। इस वारदात से अल्लापुर मोहल्ले में दहशत फैल गई।
जार्जटाउन थाने में मुकदमा दर्ज
पीड़ित की तहरीर पर जार्जटाउन पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। दो संदिग्ध युवकों को उठाकर पूछताछ कर रही है। सीसीटीवी फुटेज से घटना में शामिल अपराधियों के बारे में पता लगाया जा रहा है।
हिस्ट्रीशीटर व साथियों ने वारदात की
जार्जटाउन के एएन झा मार्ग निवासी हेमंत कुमार सिंह निजी कॉलेज से पढ़ाई कर रहा है। कुछ दिन पूर्व रात वह अपने कुछ साथियों के साथ नानी के घर अल्लापुर जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में बाइक सवार हिस्ट्रीशीटर गप्पू और उसके साथियों ने लूट के इरादे से ओवरटेक करके रोक लिया।
जान से मारने की धमकी दी
इसके बाद गाली-गलौज करते हुए बोलेरो में ईंट-पत्थर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। विरोध पर जानलेवा हमला किया, जिससे हेमंत गंभीर रूप से जख्मी हो गया। साथियों ने किसी तरह उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक हिस्ट्रीशीटर के कई और साथी आ गए। सभी ने अधमरे छात्र के गले से सोने की चेन छीन ली और जान से मारने की धमकी दी।
छात्र के दो साथी भी चोटिल
हमले में हेमंत के दो अन्य साथियों को भी चोट आई है। खबर पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और फिर घायल को अस्पताल भिजवाया। इंस्पेक्टर जार्जटाउन रुकुमपाल सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर हिस्ट्रीशीटर गप्पू और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
परेड मैदान में हमला व लूट
परेड मैदान में शुभम सिंह पर हमला और लूट करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है। पीड़ित की तहरीर पर दारागंज पुलिस ने गोविंदपुर निवासी कमलेश यादव, दारागंज के यश निषाद, अंकित और आयुष के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए तलाश शुरू कर दी है।
हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
त्रिवेणी बांध झोपड़पट्टी निवासी शुभम सिंह का कहना है कि आठ अक्टूबर की शाम वह अपनी गाय लेने जा रहा। परेड मैदान में पहुंचा, तभी कमलेश समेत अन्य लोगों ने गाली-गलौज करते हुए हमला किया। जख्मी होने पर गले से सोने की चेन छीन ली और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस का कहना है कि मुकदमा कायम करते हुए आरोपितों की तलाश की जा रही है।
