प्रयागराज में फर्जी क्लीनिक चलाने वाले झोलाछाप दंपती पर मुकदमा, महिला की मौत के जिम्मेदार हैं; कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई
प्रयागराज में फर्जी क्लीनिक चलाने वाले एक दंपती पर कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज हुआ। गर्भवती महिला का गलत इलाज करने से उसकी मौत हो गई। पुलिस में शिकायत क ...और पढ़ें

प्रयागराज में झोलाछाप इलाज करने वाले दंपती पर महिला की मौत मामले में केस दर्ज हुआ है।
HighLights
शहर के करेली थाने में पुलिस ने दर्ज किया फर्जी डॉक्टर दंपती पर मुकदमा
पुलिस अधिकारियों से शिकायत पर नहीं दर्ज हुआ केस तो कोर्ट की शरण ली
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर के सदियापुर करेली में रहने वाले मुकेश निषाद की गर्भवती पत्नी का सही इलाज नहीं करने और बच्चे को जन्म देने के बाद गलत उपचार करने कारण मौत हो गई। मामले में अब कोर्ट के आदेश पर डाॅ. आशा नयनम और डाॅ. कमल नयनम के खिलाफ करेली थाने में मुकदमा लिखा गया है।
इलाज के दौरान कोई पर्ची नहीं देते थे दंपती
मुकेश का कहना है कि उनकी पत्नी रोशनी गर्भवती थी। इस बीच उसने डाॅ. आशा नयनम को दिखाया, जो इलाज करने लगी। उसका पति कमल भी इलाज करता था। इस दौरान कोई पर्ची नहीं देते थे। दो बार अल्ट्रासाउंड भी करवाया। बीते माह जब पत्नी को लेकर गया तो भर्ती करने पर आपरेशन से बच्चे पैदा किए जाने की बात कही गई। तब उन्होंने पत्नी को भर्ती कर दिया।
बेटे को जन्म देने के बाद पत्नी को होश नहीं आया
मुकेश का आरोप है कि उसकी पत्नी ने बेटे को जन्म दिया लेकिन पत्नी को होश नहीं आया। इस पर डाॅ. आशा नयनम ने अमिता हाॅस्पिटल में भर्ती करवाया, जहां कोई सुधार नहीं हुआ। वहां से कमला मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, मगर तबीयत नहीं सुधरी। इसके बाद स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
करेली पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी
मुकेश का आरोप है कि उसे बाद में पता चला कि आशा नयनम और उसका पति कमल रजिस्टर्ड डाॅक्टर नहीं हैं। फर्जी तरीके से क्लीनिक चलाते हैं। उनकी लापरवाही के कारण पत्नी रोशनी की मौत हुई। पीड़ित का यह भी आरोप है कि घटना के बाद उसने करेली थाने पर प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन रिपोर्ट नहीं लिखी गई। अधिकारियों से शिकायत पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
खबरें और भी
अदालत का खटखटाया दरवाजा तो केस दर्ज हुआ
जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो इससे परेशान होकर मुकेश ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। वहां से आदेश होने पर अब करेली पुलिस ने किसानी टोला सदियापुर निवासी डाॅ. आशा नयनम और उसके पति कमल नयनम के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।