नहर की पटरी से लगाई अंतर्राष्ट्रीय छलांग! प्रतापगढ़ में टैक्सी ड्राइवर के बेटे ने भारत को दिलाया पहला पुरुष पदक
World U20 Long Jump| शाहनवाज ने अमेरिका के यूजीन में विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में लंबी कूद में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा। ...और पढ़ें
-1786430550006_m.webp)
शाहनवाज के घर में खुशी का माहौल।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। अमेरिका के यूजीन में विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रतापगढ़ का नाम रोशन करने वाले 19 वर्षीय शाहनवाज ने यहां तक पहुंचने को बहुत संघर्ष किया। नहर की पटरी पर शुरू किया गया उनका अभ्यास व पसीना बहाना सफल रहा।
जब उन्होंने लंबी कूद में 7.84 मीटर की छलांग लगाकर कांस्य पदक अपने नाम किया तो विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में पुरुष लंबी कूद में पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए। उनकी इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों के साथ उनके परिवार एवं गांव में खुशी की लहर है।
शाहनवाज का एथलीट बनने का सफर आसान नहीं रहा। प्रतापगढ़ के संग्रामपुर मधई का पुरवा गांव के पास नहर किनारे उन्होंने स्थानीय बच्चों और दोस्तों के साथ अभ्यास शुरू किया था।
पिता स्व.मो. नफीस व दादा जमीलुद्दीन मुंबई में टैक्सी चलाते थे। गांव में रह रहे उनके दादा जमीलुद्दीन खान बताते हैं कि वरिष्ठ एथलीट मोहम्मद हदीस खान के मार्गदर्शन में शाहनवाज ने लंबी कूद की बारीकियां सीखीं। सीमित संसाधनों के बीच अभ्यास करके वह धीरे-धीरे बड़े मंच तक पहुंचे।
पढ़ाई के साथ-साथ की ट्रेनिंग
शाहनवाज ने अपनी मेहनत के दम पर पहचान बनाते हुए मुंबई का रुख किया। कोविड काल के दौरान पनवेल स्थित पिल्लई कालेज ऑफ इंजीनियरिंग में प्रवेश लिया और पढ़ाई के साथ प्रशिक्षण भी जारी रखा। वहां उन्हें कोच इंजामामुल हक का मार्गदर्शन मिला।
खबरें और भी
दो वर्ष तक प्रशिक्षण लेने के बाद शाहनवाज ने अपनी तकनीक और प्रदर्शन में लगातार सुधार किया। वर्ष 2024 में शाहनवाज स्पोर्ट्स अथारिटी आफ इंडिया (साई) के तिरुवनंतपुरम केंद्र से जुड़ गए। वर्तमान में वहीं प्रशिक्षण लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयारी कर रहे हैं। यूजीन में 7.84 मीटर की छलांग उनकी कड़ी मेहनत और लंबे अभ्यास का परिणाम है।
शाहनवाज की उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि विश्व अंडर-20 चैंपियनशिप में भारत की शाइली सिंह ने 2021 में महिला लंबी कूद में रजत पदक जीता था। अब शाहनवाज ने पुरुष वर्ग में कांस्य पदक जीतकर भारतीय एथलेटिक्स के इतिहास में नया अध्याय जोड़ा है।
उनकी सफलता ने जिले के युवा खिलाड़ियों में भी नई उम्मीद और उत्साह पैदा किया है। सोमवार को संग्रामपुर कमास गांव के प्रधान राम बरन मौर्य ने शाहनवाज के घर पहुंच कर उनके दादा जमीलुद्दीन को बधाई दी। इस दौरान युसुफ खान, नईमुद्दीन, इसराइल खान, कलीम हाफिज, अश्वनी मौर्य, अखिलेश वर्मा, सूरज, अजय कुमार मौर्य आदि मौजूद रहे।
दो भाइयों में हैं बड़े
संग्रामपुर मधई का पुरवा निवासी शाहनवाज खान के उसके दादा अब गांव में ही रहते हैं। दो भाइयों में शहनवाज बड़ा है। छोटा भाई अल्तमश व बहनों में शरिदोष, सोनम, शिफा अमुबरा हैं। शाहनवाज की सफलता पर मां नसरीन बानो, दादा जमीलुद्दीन, भाई, बहनें सहित परिवार के लोग गदगद हैं।