यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर ईंटों की मंडी कैसे लग गई? 40 हजार की ‘एंट्री’ के आरोपों ने खड़े किए बड़े सवाल
यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर ईंटों से भरे ट्रोले खड़े होकर अवैध मंडी बना रहे हैं। आरोप है कि पुलिस और परिवहन विभाग को अवैध एंट्री फीस दी जाती है ...और पढ़ें

यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर ईंटों से भरे ट्रोले खड़े होकर अवैध मंडी बना रहे हैं। इमेज एआई
जागरण संवाददाता, दनकौर। कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर तिरंगा चौक के पास बीते कुछ माह से ईंटों से भरे ट्रोले खड़े होने लगे हैं। आरोप है कि पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा अवैध एंट्री लेकर ईंटों की मंडी बनवा दी गई है। रविवार को सर्विस रोड पर 12 से अधिक ट्रोला ईंटों से भरे खड़े हुए थे। रोड़ किनारे बने एक तंबू में बैठे ईंट सप्लायरों ने वीडियो में अवैध एंट्री की पूरी कहानी बताई है।
यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर सलारपुर अंडरपास पर तिरंगा गोलचक्कर बना हुआ है। गोलचक्कर के एक तरफ रोड पर फल मंडी बनी हुई है। वहीं दूसरी तरफ एक्सप्रेसवे सर्विस रोड पर अब ईंट से भरे ट्राला खड़े होने लगे हैं। ये ट्राला बाजना और मथुरा आदि से भरकर लाए जाते हैं और यहां खड़ा करने के बाद दनकौर क्षेत्र में बेचे जाते हैं।
किनारे पर एक तंबू बना हुआ है, जिसमें सभी ईंट विक्रेता बैठकर ग्राहक का इंतजार करते हैं। कुछ विक्रेताओं से बात हुई तो बताया गया कि यमुना सिटी में ईंट बेचने के दौरान कई दिन भी लग जाते हैं। सर्विस रोड प्राधिकरण की है, लेकिन महीने के हिसाब से एंट्री स्थानीय पुलिस और परिवहन विभाग के लिए जाती है। दोनों विभाग के अधिकारियों को लगभग 40 हजार रुपये की एंट्री दी जाती है, तभी उनके ट्रोला यहां कई दिनों तक खड़े रहते हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि ईंट से भरे ट्रोला और फलों की रेहड़ियों ने गोलचक्कर के आसपास की रोड़ पर अतिक्रमण किया हुआ है, जिससे कई बार हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्राधिकरण व पुलिस कार्रवाई करने में लापरवाही बरतती है, जबकि इसी गोलचक्कर से रोजाना पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारी भी गुजरते हैं।
इस संबंध में एडीसीपी संतोष कुमार का कहना है कि मामले की जानकारी नहीं है। यदि अवैध रूप से रास्ते पर अतिक्रमण किया हुआ तो आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: आवारा कुत्तों से लेकर नीलगाय-बंदर तक को मिलेगा आश्रय, ग्रेटर नोएडा में 3 एकड़ में बनेगा एनिमल शेल्टर