नोएडा में घरेलू सहायिका का कारोबारी के घर में फंदे से लटका मिला शव, हत्या का आरोप लगा किया हंगामा
नोएडा में एक कारोबारी के घर 18 वर्षीय घरेलू सहायिका का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने कारोबा ...और पढ़ें
-1786295432737_m.webp)
18 वर्षीय घरेलू सहायिका का शव चौथी मंजिल के कमरे में पंखे से लटका मिला।
HighLights
नोएडा में कारोबारी के घर घरेलू सहायिका का शव फंदे से मिला।
परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया, जमकर हंगामा और प्रदर्शन हुआ।
पुलिस ने कारोबारी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, नोएडा। एक साल से सेक्टर 51 ई ब्लॉक में कपड़ा कारोबारी के घर हाफ टाइम काम करने वाली 18 वर्षीय घरेलू सहायिका का शव शनिवार को चौथी मंजिल के कमरे में पंखे से लटका मिला। कारोबारी की सूचना पर शाम को छोटी बहन और मां घटना के बारे में पता चला। पुलिस ने शव को नीचे उतारा और फारेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
कमरे में घरेलू सहायिक के दोनों पैर जमीन पर पड़े गद्दे से छूते हुए मिलने पर उसकी मां-बहन को शक हुआ। उसके बाद दोनों को नीचे कमरे में बैठा दिया। पिता ने कारोबारी पर काम के दौरान परेशान करने और हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया। अपने जानकारों को बुलाकर पहले कारोबारी के घर और फिर सेक्टर के गेट पर हंगामा काटा।
हंगामा कर रहे 10-15 लोगों को हिरासत में लिया
पुलिस पर मामले को दबाने का आरोप लगाया। कारोबारी पर मामला दर्ज नहीं करने पर रविवार को भी लोग घर पहुंचे। दो बार हंगामा करते हुए पत्थरबाजी करने का प्रयास किया। मौके पर एडीसीपी, दो एसीपी और आसपास के थानाे से पुलिस मौके पर पहुंची। समझाने पर भी नहीं मानने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। हंगामा कर रहे 10-15 लोगों को हिरासत में लिया।
महिला और युवाओं के रूप में एकत्रित भीड़ को पास के चिल्ड्रन पार्क ले गई। वहां पर घरेलू सहायिका की मां की ओर से शिकायत ली। कारोबारी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में केस दर्ज किया। पैनल और वीडियोग्राफी से पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजन शव को बिहार लेकर रवाना हो गए।
खबरें और भी
सलमा पति और बच्चों के साथ सेक्टर 51 में रहती हैं
बिहार कटियार के सिरकोल गांव की सलमा पति और पांच बच्चों संग नोएडा सेक्टर 51 होशियारपुर गांव में किराये पर रहती हैं। बड़ी बेटी पांचवीं पास रेशमा सेक्टर 51 ई-ब्लॉक स्थित मंजिला मकान की ऊपरी दो मंजिल पर रहने वाले तरुण बत्रा के घर सुबह आठ से रात आठ बजे तक घरेलू सहायिका का काम करती थी।
दिन में समय मिलने पर ऊपर वाले कमरे में जाकर आराम कर लेती थी, जबकि छोटी बहन मासूमा तरूण के भाई के यहां काम करती। सलमा दोनों बहनों का काम में हाथ बटाती। शनिवार को दोनों बहन काम पर आईं। दोपहर में सलमा रेशमा से मिलकर घर आ गई थी। तरूण ने शाम करीब पांच बजे रेशमा और उसकी मां को बुलाया। रेशमा को पंखे से लटका देखकर जमीन खिसक गई।
तीन दिन पहले भी किया था परेशान
मासूमा का आरोप है कि बहन कुछ दिनों से परेशान चल रही थी। इस बारे में पूछने पर बताती थी कि कारोबारी काम ठीक से नहीं करने का बहाना लेकर परेशान करता है। तीन दिन पहले भी कारोबारी ने सिर पर हाथ मारते हुए रेशमा को परेशान किया था। मासूमा ने यहां से काम छोड़कर दूसरी जगह काम करने की बात बोलकर रेशमा का मनोबल बढ़ाते हुए बात रफा-दफा कर दी थी। इस बारे में माता-पिता को नहीं बताया था।
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि सलमा की शिकायत पर कारोबारी तरूण के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शुरुआती जांच में घरेलू सहायिका के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। मामला आत्महत्या का ही प्रतीत हो रहा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का स्पष्ट पता चल सकेगा। अन्य पहलूओं पर भी जांच कराई जा रही।