आवारा कुत्तों के आतंक से राहत की तैयारी, ग्रेटर नोएडा में बनेगा दूसरा शेल्टर होम; 500 डॉग्स की होगी क्षमता
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या के समाधान के लिए पौवारी गोशाला के पास दूसरा एनिमल शेल्टर होम बनाएगा। इसकी क्षमता 500 कुत्तों की ह ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
ग्रेटर नोएडा में दूसरा एनिमल शेल्टर होम बनेगा।
पौवारी गोशाला के पास 500 कुत्तों की क्षमता।
संचालन के लिए एजेंसी का चयन प्रक्रिया शुरू।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या के समाधान के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने दूसरा एनिमल शेल्टर होम बनाने का फैसला लिया है। यह शेल्टर पौवारी गोशाला के पास बनाया जाएगा।
प्राधिकरण ने इसके संचालन और रखरखाव के लिए एजेंसी के चयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। वरिष्ठ प्रबंधक स्वास्थ्य राजेश कुमार गौतम ने बताया कि इच्छुक एजेंसियां 24 अगस्त तक आनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
चयनित एजेंसी को 7 साल तक करना होगा संचालन
चयनित एजेंसी को 7 साल तक शेल्टर का संचालन और रखरखाव करना होगा। शेल्टर के निर्माण पर आने वाला खर्च भी एजेंसी को ही वहन करना पड़ेगा। नए शेल्टर में 500 कुत्तों को रखने की व्यवस्था होगी।
भविष्य में मांग के अनुसार इसकी क्षमता बढ़ाई भी जा सकेगी। इससे खतरनाक और बीमार कुत्तों को रखने की समस्या दूर होगी। अभी शहर में आवारा कुत्तों के हमलों की घटनाएं बढ़ रही हैं।
आए दिन कुत्तों के काटने और सोसायटियों में भोजन कराने को लेकर विवाद की शिकायतें मिल रही हैं। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद आवारा कुत्तों के लिए शेल्टर होम बनाने की योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है।
500 क्षमता का शेल्टर होम निर्माणाधीन
सोसायटियों में आपसी सहमति से भोजन देने के लिए स्थान चिह्नित करने जैसे अन्य उपाय भी किए जा रहे हैं। जलपुरा गोशाला के पास भी 500 क्षमता का शेल्टर होम निर्माणाधीन है और इसका काम जल्द पूरा होने वाला है।
भविष्य में दोनों शेल्टर की क्षमता बढ़ाई जाएगी और शहर में शेल्टर की संख्या भी बढ़ाने की योजना है। अधिकारियों का कहना है कि पेशेवर एजेंसी के जरिए संचालन होने से पशुओं को बेहतर चिकित्सा, भोजन और आश्रय मिल सकेगा। साथ ही शहर को आवारा कुत्तों से होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी।